दंतेवाड़ा, छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में बैलाडीला पहाड़ी श्रृंखला में भूस्खलन हुआ जिससे राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (एनएमडीसी) का खनन अपशिष्ट ढेर ढहने से मलबा नीचे की ओर बह गया।
अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की कोई खबर नहीं है। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी एनएमडीसी बस्तर क्षेत्र के दंतेवाड़ा जिले में किरंदुल और बचेली इलाकों की बैलाडीला पहाड़ियों में लौह अयस्क की खदानें चलाती है।
एनएमडीसी के एक बयान के अनुसार यह भूस्खलन 18 नवंबर की रात को हुआ। इस घटना से खनन कंपनी का अपशिष्ट ढेर और लोहा गांव को किरंदुल से जोड़ने वाली सड़क प्रभावित हुई।
बयान में कहा गया है कि मलबा एक धारा के रास्ते लगभग दो-तीन किलोमीटर तक बहता चला गया। बयान के मुताबिक घटना का संज्ञान लेते हुए दंतेवाड़ा जिले के कलेक्टर वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) और एनएमडीसी के वरिष्ठ अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
बयान में कहा गया है कि विशेषज्ञों की एक टीम भूस्खलन के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल का दौरा करेगी और एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगी। जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि मलबे के बहाव से लोहा गांव को किरंदुल से जोड़ने वाली सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है।
हालांकि एक वैकल्पिक रास्ता मौजूद है इसलिए गांव का संपर्क पूरी तरह से नहीं कटा है। उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त सड़क को ठीक करने का काम चल रहा है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common