तुर्किये के अंतिम मसौदे में वैश्विक तापमान बढ़ाने वाले जीवाश्म ईंधनों का कोई उल्लेख नहीं

अंताल्या, संयुक्त राष्ट्र की जलवायु वार्ता से सामने आए सबसे नए और संभवत: अंतिम प्रस्तावित समझौते में जीवाश्म ईंधन शब्द का कहीं उल्लेख नहीं है जो कि वैश्विक ताप वृद्धि का सबसे बड़ा कारण है। समझौते में कोयले तेल और गैस का इस्तेमाल धीरे-धीरे बंद करने की दिशा में आगे बढ़ने की भी कोई स्पष्ट बात नहीं कही गई है जिनके जलने से कार्बन डाइऑक्साइड और अन्य ग्रीनहाउस गैसें वायुमंडल में पहुंचती हैं।

तुर्किये के अंताल्या में आयोजित दो सप्ताह के जलवायु सम्मेलन (सीओपी-31) के अध्यक्ष और पर्यावरण मंत्री मुरात कुरुम ने रविवार तड़के समझौते का मसौदा जारी किया। उन्होंने वार्ताकारों को आपत्तियां दर्ज कराने या बदलाव सुझाने के लिए केवल तीन घंटे का समय दिया। इसके बाद इस मसौदे को सम्मेलन की पूर्ण बैठक में रखा जाना है। समझौते को मंजूरी देने के लिए लगभग सर्वसम्मति जरूरी है। कई देशों ने वार्ता के दौरान जीवाश्म ईंधन का इस्तेमाल बंद करने की अपील को मसौदे से हटाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई थी। हालांकि प्रस्ताव में कार्बन प्रदूषण को एकत्र या अवशोषित कर जमीन के नीचे भंडारित करने की तकनीक के लिए एक निश्चित लक्ष्य रखा गया है जिसका तेल उद्योग समर्थन करता है।

सम्मेलन शुक्रवार को समाप्त होना था लेकिन अब इसमें दो दिन से अधिक की देरी हो चुकी है। पनामा ने पहले ही चेतावनी दी थी कि तेल उत्पादन पर सीमा तय किए बिना और विकासशील देशों को जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए पर्याप्त वित्तीय सहायता दिए बिना वह अंतिम समझौते का विरोध करेगा। यूरोपीय थिंक टैंक ‘ई3जी’ के विश्लेषक एल्डन मेयर के अनुसार पिछले 25 वर्षों से अधिक समय तक जलवायु सम्मेलनों के अंतिम फैसलों में जीवाश्म ईंधन का उल्लेख नहीं किया गया। हालांकि 2023 में दुबई में दुनिया ने जीवाश्म ईंधन से धीरे-धीरे दूरी बनाने पर सहमति जताई थी।

नए प्रस्ताव में 2035 तक कुल ऊर्जा खपत में बिजली की हिस्सेदारी मौजूदा करीब 21 प्रतिशत से बढ़ाकर 35 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं जलवायु कार्यकर्ताओं का कहना है कि बिजली केवल सौर और पवन जैसे नवीकरणीय स्रोतों से ही बननी चाहिए।

प्रस्ताव में ‘कार्बन कैप्चर’ और भंडारण के लिए एक अरब मीट्रिक टन का लक्ष्य भी शामिल है। इसके तहत उद्योगों से निकलने वाली कार्बन डाइऑक्साइड को एकत्र कर जमीन के नीचे जमा किया जाएगा।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common