नयी दिल्ली, भारत के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता पूर्व निशानेबाज अभिनव बिंद्रा ने घोषणा की कि अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के मानद अध्यक्ष थॉमस बाक की पहल पर शांति के लिए शुरू की जा रही एक नयी वैश्विक संस्था की परिषद के सदस्य के रूप में अपनी सेवाएं देंगे।
बिंद्रा ने इस परियोजना के बारे में विस्तृत जानकारी साझा किये बिना बताया कि इसका औपचारिक शुभारंभ एक दिसंबर को होगा। इस अवसर पर वह बाक और संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव बान की मून के साथ मौजूद रहेंगे। पहल की घोषणा का सीधा प्रसारण ऑनलाइन किया जाएगा।
बिंद्रा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा ‘‘मैं अक्सर सोचता रहा हूं कि खेल के मैदान से मिले इस अनुभव को मैदान के बाहर भी किस तरह विस्तार दिया जा सकता है। खासकर उन युवाओं को जो संघर्ष से प्रभावित समाजों में बड़े हो रहे हैं। किसी भी बच्चे को पिछली पीढ़ियों के पूर्वाग्रहों और विभाजन की विरासत नहीं मिलनी चाहिए। खेल संस्कृति और शिक्षा के माध्यम से हम उन्हें एक नई और बेहतर कहानी लिखने का अवसर दे सकते हैं।’’
उन्होंने बताया कि इस पहल के शुभारंभ में दुनिया के विभिन्न देशों के अन्य ओलंपिक खिलाड़ी और उनके मित्र भी शामिल होंगे। बिंद्रा ने वर्ष 2008 में बीजिंग ओलंपिक में 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था। वह व्यक्तिगत स्पर्धा में ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतने वाले भारत के पहले खिलाड़ी बने थे।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common