लखनऊ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनता दर्शन में आठवीं कक्षा के विद्यार्थी प्रिंस साहू को कठिन मेहनत से पढ़ाई करने को कहा और उसे क्रिकेट कोचिंग में दाखिला दिलाने का आश्वासन दिया।
गोंडा जिले के इतियाठोक में पदरी परसरामपुर गांव के प्रिंस साहू को जनता दर्शन कार्यक्रम में देखकर मुख्यमंत्री ने उससे पूछा कि वह यहां क्यों आया है तो प्रिंस ने बताया कि उसे बचपन से ही क्रिकेट खेलने का जुनून है और खेल में नाम कमाना चाहता है।
हालांकि परिवार की कमजोर वित्तीय स्थिति के कारण वह फीस भरने या क्रिकेट किट खरीदने में असमर्थ है।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक योगी आदित्यनाथ ने उसे कहा ‘‘बेटा आपका नाम प्रिंस है इसलिए मेहनत से पढ़ाई करो और प्रिंस बनो। आप अभी कक्षा आठ में हो। आपको मन लगाकर पढ़ाई करनी होगी और अच्छे नंबर से परीक्षा पास करनी होगी। इसके बाद मैं आपका क्रिकेट कोचिंग में दाखिला कराऊंगा।’’
मुख्यमंत्री सीट पर बैठे प्रत्येक व्यक्ति से व्यक्तिगत रूप से मिले उनका प्रार्थना पत्र लिया और उनकी शिकायतें सुनी।
उन्होंने पास खड़े अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता के साथ हर शिकायत दूर करने के आवश्यक निर्देश दिए।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common