नयी दिल्ली, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने युवा चिकित्सकों से पेशेवर नैतिकता के उच्चतम मानकों को बनाये रखने और स्वास्थ्य सेवाओं में करुणा संवेदनशीलता तथा मानवता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का शुक्रवार को आग्रह किया। यहां अटल बिहारी वाजपेयी आयुर्विज्ञान संस्थान (एबीवीआईएमएस) और डॉ. राममनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल के 12वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए मुर्मू ने चिकित्सा की पढ़ाई पूरी करने वाले चिकित्सकों से दूरदराज और स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा चिकित्सा अनुसंधान और नवाचार में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने पिछले एक दशक में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भारत में आए बदलावों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि महानगरों से आगे बढ़कर प्राथमिक और तृतीयक स्वास्थ्य सेवाओं के केंद्रों के साथ-साथ चिकित्सा शिक्षा का भी विस्तार हुआ है।
मुर्मू ने कहा कि देशभर में लगभग 1.75 लाख आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित हो रहे हैं जिससे लोगों की प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच बढ़ी है। उन्होंने भौगोलिक दूरियों की बाधाओं को दूर करने और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा परामर्श पहुंचाने में टेलीमेडिसिन के महत्व पर जोर दिया। राष्ट्रपति ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति 2017 के अनुरूप भारत की स्वास्थ्य सेवाओं का जोर अब बीमारियों की रोकथाम पर हो गया है। उन्होंने मधुमेह मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और विभिन्न प्रकार के कैंसर सहित गैर-संचारी रोगों की समय रहते जांच पहचान और उपचार के बढ़ते महत्व पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि देशभर में बड़े पैमाने पर जांच अभियान चलाना जरूरी है ताकि बीमारियों की शुरुआती चरण में पहचान की जा सके और समय पर उपचार सुनिश्चित किया जा सके। राष्ट्रपति ने स्वास्थ्य सेवाओं में वित्तीय सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी पीएम-जेएवाई) की भूमिका को रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत प्रत्येक परिवार को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान किया जाता है। उन्होंने कहा कि इससे अस्पताल में भर्ती होने पर खर्च का वित्तीय बोझ कम करने और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान बनाने में मदद मिल रही है। उन्होंने आयुष्मान वय वंदना योजना का भी उल्लेख किया जिसके अंतर्गत 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति की परवाह किए बिना पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान किया जाता है। राष्ट्रपति ने चिकित्सा की पारंपरिक पद्धतियों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के साथ एकीकृत करने के महत्व पर जोर दिया।
मुर्मू ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों के साथ आयुर्वेद और योग को बढ़ावा देने के प्रयासों से देश में स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति समग्र दृष्टिकोण को मजबूती मिली है। उन्होंने सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आयुष सेवाओं को आधुनिक चिकित्सा सेवाओं के साथ उपलब्ध कराने तथा संयुक्त अनुसंधान पर बढ़ते जोर का उल्लेख किया। उन्होंने अनुसंधान को आगे बढ़ाने और साक्ष्य-आधारित पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को प्रोत्साहित करने में आयुष मंत्रालय तथा विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के वैश्विक पारंपरिक चिकित्सा केंद्र के माध्यम से किए जा रहे अंतरराष्ट्रीय सहयोग का भी उल्लेख किया।
राष्ट्रपति ने उपाधि प्राप्त करने वाले चिकित्सा पेशेवरों को संबोधित करते हुए उनसे अपने कार्यक्षेत्र में व्यावसायिक नैतिकता संवेदनशीलता और करुणा के उच्चतम मानकों को बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता केवल शहरी क्षेत्रों और समाज के संपन्न वर्गों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों से दूरदराज और वंचित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक भी अपनी सेवाएं पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने स्नातकों को चिकित्सा अनुसंधान नवाचार और भारत की विशिष्ट सामाजिक-आर्थिक पोषण संबंधी तथा पर्यावरणीय परिस्थितियों के अनुकूल समाधान विकसित करने में योगदान देने के लिए भी प्रोत्साहित किया। राष्ट्रपति ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और किफायती बनाने में उभरती प्रौद्योगिकियों विशेष रूप से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की परिवर्तनकारी क्षमता पर भी जोर दिया।
उन्होंने कोविड-19 महामारी से मिले सबक का उल्लेख करते हुए चिकित्सा पेशेवरों से बदलती परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने और तकनीकी प्रगति को अपनाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि स्वास्थ्य सेवाएं हमेशा जन-केंद्रित बनी रहें। राष्ट्रपति ने रोगों की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने इनकी समय रहते पहचान सुनिश्चित करने और भविष्य की जनस्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से निपटने की क्षमता विकसित करने के लिए विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों के बीच व्यापक सहयोग का आह्वान किया।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए एबीवीआईएमएस और डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल को चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अग्रणी संस्थान और उत्कृष्टता का प्रतीक बताया। उन्होंने चिकित्सा अनुसंधान अवसंरचना विकास और विशिष्ट नैदानिक सेवाओं के क्षेत्र में संस्थान के योगदान की सराहना की। नड्डा ने कहा कि यह संस्थान बड़ी संख्या में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के साथ-साथ विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराता है। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को नैदानिक कार्यों का बहुमूल्य अनुभव और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त होता है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common