वाहन बीमा नवीनीकरण के एसएमएस संदेश जागरूकता पहल का हिस्सा: एनएचएआई

नयी दिल्ली,  भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजमार्गों का इस्तेमाल करने वाले कुछ वाहन मालिकों को वाहन बीमा के नवीनीकरण के संबंध में मिल रहे एसएमएस संदेश प्रस्तावित जन जागरूकता अभियान की परीक्षण प्रक्रिया का हिस्सा हैं।

           एनएचएआई ने बयान में कहा कि यह पहल पूरी तरह से सूचना देने और सलाह देने के उद्देश्य से है।

           प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि इन संदेशों के आधार पर टोल प्लाजा पर कोई चालान जारी करने या जुर्माना लगाने का प्रावधान नहीं है।

           एनएचएआई ने कहा कि वाहन मालिकों को आश्वस्त किया जाता है कि एसएमएस भेजने की यह व्यवस्था टोल प्लाजा पर किसी भी तरह की कार्रवाई या दंडात्मक कदम से जुड़ी नहीं है।

           बयान के मुताबिक  इन संदेशों का उद्देश्य वाहन मालिकों को उनके मोटर बीमा की पॉलिसी की अवधि समाप्त होने की तारीख के बारे में पहले से जानकारी देना और समय पर उसका नवीनीकरण कराने के लिए प्रोत्साहित करना है  ताकि बीमा सुरक्षा जारी रहे।

           एनएचएआई ने कहा कि पहले से सूचना देकर वह वाहन मालिकों को जिम्मेदारी से वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों का पालन करने के लिए जागरूक करना चाहता है।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common