साल भर के आत्मविश्वास और निरंतरता को एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में बरकरार रखने उतरेंगे: सलीमा

नयी दिल्ली, भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे को भरोसा है कि टीम इस साल के शानदार प्रदर्शन से मिले आत्मविश्वास और निरंतरता को एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में भी बरकरार रखेगी। भारतीय टीम 19 से 28 नवंबर तक भोपाल में घरेलू मैदान पर खिताब का बचाव करने उतरेगी।

भारतीय टीम के लिए 2026 यादगार रहा है। उसने एफआईएच नेशंस कप का खिताब जीता एफआईएच विश्व कप में पांचवां स्थान हासिल किया जो 1974 के बाद उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है और इसके बाद जापान में एशियाई खेलों का ऐतिहासिक स्वर्ण पदक भी अपने नाम किया। एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी इस साल भारतीय टीम का आखिरी टूर्नामेंट होगा। सलीमा ने कहा कि खिलाड़ी अपने तय किए गए प्रदर्शन के स्तर को बरकरार रखने और जीत की लय जारी रखने की कोशिश करेंगी।

सलीमा ने हॉकी इंडिया को दिए साक्षात्कार में कहा ‘‘हम निश्चित रूप से उत्साहित हैं और अच्छी तैयारी के साथ उतरेंगे। लगातार तीसरी बार इस टूर्नामेंट का आयोजन घरेलू मैदान पर हो रहा है। एशियाई खेलों के बाद हमारा आत्मविश्वास काफी बढ़ा है और हम जीत की इस लय तथा निरंतरता को जारी रखना चाहते हैं। कुछ युवा खिलाड़ियों को मौका मिला है और हम उनका पूरा समर्थन कर रहे हैं।’’

भारतीय कप्तान ने कहा कि पूरे साल टीम के लगातार अच्छे प्रदर्शन से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है। उन्होंने कहा ‘‘विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने और फिर नेशंस कप जीतने के साथ हमने साल की शुरुआत से ही लय हासिल कर ली थी। इसका असर विश्व कप में भी दिखा जहां हमने 1974 के बाद अपना सर्वश्रेष्ठ पांचवां स्थान हासिल किया।’’ सलीमा ने कहा ‘‘हमने हर टूर्नामेंट में एक कदम आगे बढ़ाया और जापान में एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक जीता।

इसलिए हमारी निरंतरता अच्छी रही है। हम अपने तय किए गए प्रदर्शन के स्तर को बनाए रखने और इसे लगातार बेहतर करने की कोशिश करेंगे।’’ भारत को विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर काबिज और मौजूदा ओलंपिक रजत पदक विजेता चीन से कड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद है। हालांकि चीन की टीम में हाल में कोचिंग स्टाफ में बदलाव किया है। ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज खिलाड़ी एलिसन एनन ने साढ़े चार साल तक टीम की जिम्मेदारी संभालने के बाद पद छोड़ दिया है।

भारतीय टीम को इस टूर्नामेंट में अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया की कमी खलेगी जिन्हें आराम दिया गया है। टीम में बिचू देवी खरिबाम और बंसरी सोलंकी गोलकीपिंग के दो विकल्प हैं। सलीमा ने दोनों खिलाड़ियों पर भरोसा जताते हुए बिचू के लगातार अच्छे प्रदर्शन और बंसरी की सीखने की ललक की सराहना की।

उन्होंने कहा ‘‘जाहिर है अनुभव में अंतर है लेकिन हमारे पास बिचू देवी हैं जिन्होंने पूरे साल शानदार प्रदर्शन किया है। वहीं बंसरी ऐसी खिलाड़ी हैं जो काफी मेहनत करती हैं और हमेशा कुछ नया सीखने के लिए उत्सुक रहती हैं। यह बहुत सकारात्मक बात है। टीम में शामिल होने वाले हर खिलाड़ी पर हमें भरोसा है।’’क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common