मनीला, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 11 देशों के समूह आसियान के नेताओं से कहा कि भारत एक स्वतंत्र समावेशी और नियम-आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र में विश्वास करता है तथा इसका भविष्य ‘‘प्रतिस्पर्धा से नहीं बल्कि सहयोग से’’ तय होना चाहिए। मोदी ने यह टिप्पणी हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन की बढ़ती सैन्य गतिविधियों को लेकर चिंताओं के बीच की है। प्रधानमंत्री ने वार्षिक आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में नौ सूत्री पहल का प्रस्ताव रखा। इन पहलों में संपर्क बढ़ाने और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समुद्री सहयोग की दीर्घकालिक योजना आसियान के सदस्य देशों के पर्यटकों के लिए मुफ्त इलेक्ट्रॉनिक वीजा (ई-वीजा) और असैन्य परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में तकनीकी आदान-प्रदान की रूपरेखा तैयार करना शामिल है। मोदी ने अपने संबोधन में आसियान के साथ व्यापक रणनीतिक साझेदारी को भारत द्वारा दिए जाने वाले महत्व को रेखांकित किया और कहा कि दोनों पक्षों को क्षेत्र तथा उसके परे भी शांति एवं स्थिरता के लिए और भविष्य को लेकर अनिश्चितता दूर करने के लिए मिलकर काम करना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण इस साझेदारी का महत्व और बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति ने दोनों पक्षों के संबंधों को नयी गति दी है। दक्षिण पूर्व एशियाई देशों का संगठन (आसियान) इस क्षेत्र के सबसे प्रभावशाली समूहों में से एक माना जाता है। भारत के अलावा अमेरिका चीन जापान और ऑस्ट्रेलिया सहित कई अन्य देश इसके संवाद साझेदार हैं। प्रधानमंत्री ने कहा ‘‘पिछले कुछ वर्षों में दुनिया ने एक के बाद एक कई संकटों का सामना किया है। आज दुनिया को शांति स्थिरता और ऐसे माहौल की सबसे अधिक जरूरत है जिसमें भविष्य को लेकर अनिश्चितता न हो।’’ उन्होंने कहा ‘‘इस संदर्भ में शिखर सम्मेलन की इस वर्ष की थीम ‘मिलकर अपने भविष्य की दिशा तय करना’ का विशेष महत्व है।’’प्रधानमंत्री ने कहा ‘‘भारत और आसियान की कुल आबादी दुनिया की जनसंख्या का लगभग एक-चौथाई हिस्सा है इसलिए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि हमारा भविष्य प्रतिस्पर्धा के बजाय सहयोग से तय हो।’’ मोदी ने कहा ‘‘हमारे पास इस लक्ष्य को हासिल करने की क्षमता और साझा संकल्प दोनों हैं। हम मिलकर इस क्षेत्र को शांति और स्थिरता का प्रतीक बना सकते हैं।’’ दुनिया के भविष्य के लिए प्रौद्योगिकी के महत्व का उल्लेख करते हुए मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि भारत और आसियान को केवल प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए बल्कि मिलकर नयी प्रौद्योगिकियां विकसित करनी चाहिए और लोगों को कौशल प्रशिक्षण देने के लिए भी साथ काम करना चाहिए। मोदी ने कहा कि भारत और आसियान दोनों के पास सामर्थ्य एवं दृढ़ संकल्प है तथा दोनों पक्ष मिलकर इस क्षेत्र को शांति और स्थिरता का प्रतीक बना सकते हैं। उन्होंने कहा ‘‘हमारा दृढ़ विश्वास है कि भारत का विकास और आसियान की समृद्धि एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। आने वाले वर्षों में ‘आसियान सामुदायिक दृष्टिकोण 2045’ और ‘विकसित भारत 2047’ हमारी साझा आकांक्षाओं को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।’’ दोनों पक्ष पूर्व चेतावनी प्रणालियों को बेहतर बनाने उपग्रहों और मौसम संबंधी आंकड़ों को साझा करने आपदाओं से निपटने की तैयारियों के लिए मिलकर अभ्यास करने और मानवीय सहायता तेजी से पहुंचाने की व्यवस्था समेत आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में सहयोग और मजबूत करने पर सहमत हुए। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्ष में दोनों पक्षों ने अपनी साझेदारी को नयी गति दी है और अब ‘‘हमें अपने क्षेत्र के भविष्य को मिलकर आकार देना होगा।’’ उन्होंने कहा ‘‘अब हमें मिलकर अपने क्षेत्र के भविष्य को नयी दिशा देनी होगी। इस साझेदारी में आसियान की एकता एवं केंद्रीय भूमिका के प्रति भारत की प्रतिबद्धता अटूट रही है और आगे भी बनी रहेगी।’’इस प्रारूप में आसियान के नेताओं के साथ प्रधानमंत्री मोदी की यह 13वीं बैठक थी। मोदी ने कहा ‘‘पिछले कुछ वर्षों में हमारी ‘एक्ट ईस्ट’ नीति से भारत-आसियान संबंधों को नयी गति और मजबूती मिली है। हमारी साझेदारी अब साझा संस्कृति और विरासत तक सीमित नहीं है बल्कि डिजिटल प्रौद्योगिकी रक्षा और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में भी इसका विस्तार हो रहा है।’’ मोदी ने दोनों पक्षों के बीच सहयोग के तहत 2014 से हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि लोगों के बीच आपसी संबंध मजबूत करने के लिए 100 से अधिक पहल की गई हैं और त्वरित प्रभाव वाली करीब 250 परियोजनाएं शुरू की गई हैं। प्रधानमंत्री ने कहा ‘‘2014 से हमने लोगों के बीच आपसी संबंध मजबूत करने के लिए 100 से अधिक पहल की हैं त्वरित प्रभाव वाली करीब 250 परियोजनाएं शुरू की हैं और कौशल विकास के लिए 10 000 से अधिक छात्रवृत्तियां प्रदान की हैं।’’उन्होंने कहा ‘‘आज भारत और आसियान के नौ देशों के बीच सीधी उड़ानें और बढ़ता पर्यटन भी हमारी घनिष्ठता का प्रमाण हैं।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि 2027 भारत और आसियान के संबंधों के लिए विशेष होगा क्योंकि उस वर्ष दोनों पक्ष अपने संबंधों के 35 साल और व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच साल पूरे होने का जश्न मनाएंगे। भारत और आसियान के बीच संवाद संबंधों की शुरुआत 1992 में क्षेत्रीय साझेदारी की स्थापना के साथ हुई थी। दिसंबर 1995 में इसे पूर्ण संवाद साझेदारी और 2002 में शिखर सम्मेलन स्तर की साझेदारी का दर्जा दिया गया। इन संबंधों को 2012 में रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाया गया।
आसियान के 11 सदस्य देश इंडोनेशिया मलेशिया फिलीपीन सिंगापुर थाईलैंड ब्रुनेई वियतनाम लाओस म्यांमा कंबोडिया और तिमोर-लेस्ते हैं। पिछले कुछ वर्षों में भारत और आसियान के संबंधों में उल्लेखनीय मजबूती आई है। इस दौरान व्यापार निवेश सुरक्षा और रक्षा के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। फिलीपीन आसियान का वर्तमान अध्यक्ष होने के नाते मनीला में संगठन के वार्षिक शिखर सम्मेलन और उससे जुड़ी बैठकों की मेजबानी कर रहा है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common