जनवरी के पहले सप्ताह में शुरू होगी हॉकी इंडिया लीग, नीलामी सात दिसंबर को

नयी दिल्ली, हीरो हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) जनवरी के पहले सप्ताह में शुरू होगी जबकि खिलाड़ियों की नीलामी सात दिसंबर को होगी। पुरुषों की प्रतियोगिता में छह फ्रेंचाइजी टीम जबकि महिलाओं के वर्ग में चार फ्रेंचाइजी टीम भाग लेंगी जिसमें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।

इस लीग के लिए जारी किए गए कार्यक्रम के अनुसार किसी भी फ्रेंचाइजी को 29 नवंबर तक अन्य फ्रेंचाइजी को अपने पसंदीदा खिलाड़ियों के बारे में सूचित करना होगा।

आधिकारिक ट्रेडिंग विंडो 29 नवंबर को दोपहर 12 बजे खुलेगी और दो दिसंबर को सुबह 10 बजे बंद होगी। इसके बाद फ्रेंचाइजी को दो दिसंबर को दोपहर 12 बजे तक अपनी अंतिम टीम की सूची जमा करनी होगी। उसी दिन शाम को नीलामी में शामिल खिलाड़ियों की सूची फ्रेंचाइजी को दी जाएगी। इसके बाद फ्रेंचाइजी को तीन दिसंबर को शाम पांच बजे तक उन खिलाड़ियों की सूची जमा करनी होगी जिन्हें वह नीलामी में रखना चाहते हैं। पिछले सत्र के दौरान भी यही प्रक्रिया अपनाई गई थी।

भारतीय महिला टीम की कप्तान सलीमा टेटे ने इस घोषणा और लीग में वापसी की संभावना को लेकर खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा ‘‘मुझे बहुत खुशी है कि हॉकी इंडिया लीग एक और सत्र के लिए वापस आ रही है। यह लीग भारतीय खिलाड़ियों के लिए कुछ बेहतरीन अंतरराष्ट्रीय प्रतिभाओं के साथ प्रतिस्पर्धा करने का एक महत्वपूर्ण मंच रही है।’’

भारतीय पुरुष टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने भी इस घोषणा का स्वागत करते हुए कहा ‘‘यह बहुत अच्छी खबर है कि हॉकी इंडिया लीग जनवरी में वापसी करेगी। प्रत्येक सत्र में प्रतिस्पर्धा का स्तर अलग होता है और इससे भारतीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के बेहतरीन खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका मिलता है।’’

नए सत्र के लिए पुरुषों की प्रतियोगिता में वेतन सीमा प्रति फ्रेंचाइजी चार करोड़ रुपये जबकि और महिलाओं की प्रतियोगिता में प्रति फ्रेंचाइजी में दो करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। नीलामी में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए आधार मूल्य दो लाख रुपये पांच लाख रुपये और 10 लाख रुपये होगा।क्रडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common