दिल्ली में हवा की गुणवत्ता में सुधार के बाद GRAP चरण III की पाबंदियां हटाई गईं

हवा की गुणवत्ता में सुधार को देखते हुए, ‘कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट’ (CAQM) ने दिल्ली-NCR में ‘ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान’ (GRAP) के तहत लागू चरण III की पाबंदियों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। हालांकि, चरण I और II के तहत पाबंदियां अभी भी लागू रहेंगी।यह फैसला 17 नवंबर को CAQM की GRAP उप-समिति द्वारा लिया गया।

समिति ने हवा की मौजूदा स्थिति और ‘भारत मौसम विज्ञान विभाग’ (IMD) तथा ‘इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रॉपिकल मीटियोरोलॉजी’ (IITM) द्वारा जारी पूर्वानुमानों की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया।आयोग के अनुसार, 17 नवंबर को दिल्ली का ‘एयर क्वालिटी इंडेक्स’ (AQI) सुधरकर 204 पर आ गया। पूर्वानुमान बताते हैं कि आने वाले दिनों में हवा की गुणवत्ता ‘खराब’ (Poor) से ‘बहुत खराब’ (Very Poor) श्रेणी में रहने की संभावना है। हालांकि, CAQM ने स्पष्ट किया है कि 30 अक्टूबर का वह आदेश, जिसके तहत NCR में धूल पैदा करने वाले विध्वंस (demolition) और बाहरी निर्माण कार्यों पर रोक लगाई गई थी (कुछ छूट प्राप्त परियोजनाओं को छोड़कर), 20 नवंबर तक प्रभावी रहेगा।

इस दौरान दिल्ली और आसपास के जिलों के सरकारी और निजी कार्यालयों को 50 प्रतिशत तक कर्मचारियों की उपस्थिति के साथ काम करने का निर्देश भी लागू रहेगा।आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन निर्माण और विध्वंस स्थलों को नियमों या कानूनी निर्देशों के उल्लंघन के कारण बंद किया गया था, वे बिना विशेष अनुमति के अपना काम फिर से शुरू नहीं कर सकते।CAQM ने सभी संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया है कि वे GRAP के चरण I और II के तहत उपायों को और सख्त करें तथा कड़ी निगरानी रखें, ताकि हवा की गुणवत्ता और खराब होकर ‘गंभीर’ (Severe) या ‘बहुत गंभीर’ (Severe Plus) श्रेणी में न चली जाए।आयोग ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे चरण I और II के तहत बताए गए उपायों का पालन करें, खासकर सर्दियों के मौसम में प्रतिकूल मौसमी स्थितियों को देखते हुए।

आयोग ने कहा कि उप-समिति हवा की गुणवत्ता की निगरानी करती रहेगी और मौजूदा हालात तथा पूर्वानुमानों के आधार पर स्थिति की समीक्षा करती रहेगी। https://commons.wikimedia.org/wiki/File:Road_in_New_Delhi_04.jpg