दिल्ली में प्रदूषण नियमों के उल्लंघन पर एक सप्ताह में 3,048 चालान जारी

नयी दिल्ली, दिल्ली यातायात पुलिस ने चरणबद्ध प्रतिक्रिया कार्य योजना (ग्रैप) के तहत उत्तरी रेंज में एक सप्ताह तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान प्रदूषण संबंधी नियमों के उल्लंघन पर 3 048 चालान जारी किए। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार आठ नवंबर से रविवार तक उत्तरी रेंज के सभी यातायात सर्किलों में प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसीसी) से जुड़े उल्लंघन के मामले दर्ज किए गए। उन्होंने बताया कि यातायात कर्मियों को वाहनों की जांच तेज करने कड़ी निगरानी रखने और प्रदूषण संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इस दौरान वैध पीयूसीसी नहीं रखने वाले वाहनों पर विशेष ध्यान दिया गया।

यह अभियान वाहनों से होने वाले प्रदूषण पर अंकुश लगाने और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए चलाया गया। आयोग ने छह नवंबर को दिल्ली-एनसीआर में चरणबद्ध प्रतिक्रिया कार्य योजना (ग्रैप) का तीसरा चरण लागू किया था।

अधिकारियों ने बताया कि यातायात पुलिस ने यात्रियों को वैध प्रदूषण संबंधी दस्तावेज रखने और वाहन प्रदूषण नियंत्रित करने में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करने पर भी ध्यान दिया। क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common