देश के नौ बुनियादी उद्योगों की वृद्धि दर जुलाई में बढ़कर 5.4 प्रतिशत पर

नयी दिल्ली, कोयला रिफाइनरी उत्पाद सीमेंट बिजली और लौह अयस्क का उत्पादन बढ़ने से देश के नौ प्रमुख बुनियादी उद्योगों की वृद्धि दर जुलाई में बढ़कर 5.4 प्रतिशत हो गई।

आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक एक साल पहले जुलाई में इन प्रमुख उद्योगों का उत्पादन 3.2 प्रतिशत बढ़ा था। वहीं जून 2026 में इनकी वृद्धि दर छह प्रतिशत रही थी। इस साल जून के महीने से इन आंकड़ों को नए आधार वर्ष 2022-23 के साथ जारी किया जा रहा है जबकि पहले आधार वर्ष 2011-12 था।

सरकार ने इस सूचकांक में लौह अयस्क को भी शामिल किया है जिससे प्रमुख बुनियादी उद्योगों की संख्या आठ से बढ़कर नौ हो गई है। आंकड़ों के मुताबिक जुलाई में कच्चे तेल प्राकृतिक गैस और उर्वरक का उत्पादन घटा।

चालू वित्त वर्ष के पहले चार महीनों (अप्रैल-जुलाई) के दौरान इन नौ प्रमुख उद्योगों का उत्पादन 4.3 प्रतिशत बढ़ा जबकि एक साल पहले की समान अवधि में इनकी वृद्धि दर 1.5 प्रतिशत रही थी।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: