केंद्र और पड़ोसी राज्यों से टकराव के बजाय शासन पर ध्यान देना चाहता हूं : रेवंत रेड्डी

हैदराबाद,  तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने कहा कि वह केंद्र या पड़ोसी राज्यों के साथ लगातार टकराव में उलझने के बजाय शासन पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता और मुकाबला चुनाव के समय होना चाहिए।

           रेड्डी ने पोल्ट्री इंडिया एक्सपो-2026 में घोषणा की कि राज्य सरकार ग्राम पंचायतों में पोल्ट्री फार्म स्थापित करने के लिए  सिंगल विंडो  व्यवस्था शुरू करेगी।

           शासन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि वह राज्य के हिस्से का केंद्रीय धन और आवश्यक मंजूरियां हासिल करने के लिए अक्सर दिल्ली जाते हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करते हैं।

           कांग्रेस नेता ने कहा    हम चुनाव में मुकाबला करेंगे। लेकिन अगर मैं केंद्र या पड़ोसी राज्यों से लड़ता रहूंगा तो तेलंगाना प्रगति नहीं कर पाएगा। तेलंगाना सरकार ऐसा नहीं करने जा रही है। सरकार चलाना और पार्टी चलाना दो अलग-अलग चीजें हैं। 

           रेड्डी ने कहा    जब चुनाव आते हैं तो मैं पार्टी के लिए काम करूंगा। जब मैं सत्ता में होता हूं तो सरकार चलाने की कोशिश करता हूं। इसके लिए जरूरत के मुताबिक उन सभी का सहयोग जरूर लेंगे  जिनकी मदद आवश्यक होगी। हम उद्योगों के लिए सबसे अच्छी नीति बनाएंगे और उन्हें समर्थन देंगे। हम तेलंगाना को एक आदर्श राज्य बनाएंगे। 

           मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ पड़ोसी राज्यों में सरकार बदलने के साथ ही नीतियां भी बदल जाती हैं। उन्होंने कहा    ऐसे में निवेश की कोई गारंटी नहीं है  मुनाफे की तो बात ही छोड़ दीजिए। 

           इसके विपरीत उन्होंने कहा कि उनकी सरकार पूर्ववर्ती सरकारों की नीतियों को आगे बढ़ा रही है। अविभाजित आंध्र प्रदेश में 1994 से 2004 तक तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) और 2004 से 2014 तक कांग्रेस की सरकार रही थी। इसके बाद तेलंगाना में दिसंबर 2023 तक भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) सत्ता में रही। रेड्डी ने कहा कि मौजूदा कांग्रेस सरकार इन सरकारों की नीतियों को जारी रखने के साथ उनमें सुधार भी कर रही है।

           उन्होंने पोल्ट्री उद्योग को हर जरूरी सहायता देने का आश्वासन दिया और कहा कि सरकार इस क्षेत्र को प्राथमिकता वाले क्षेत्र के रूप में मान्यता देगी तथा दीर्घकालिक समाधान देने वाली नीतियां बनाएगी।

           उन्होंने कहा कि पोल्ट्री चारे  विशेष रूप से मक्का और सोयाबीन की कमी दूर की जाएगी। उन्होंने संबंधित मंत्रियों को इस समस्या के समाधान के लिए तत्काल कदम उठाने का निर्देश भी दिया।

           एक्सपो के बड़े स्तर पर आयोजन के लिए उद्योग की सराहना करते हुए रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना में प्रतिदिन 5.3 करोड़ अंडों का उत्पादन होता है। उन्होंने पोल्ट्री उद्यमियों की भूमिका की भी प्रशंसा की।

           उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र चिकन और अंडों का उत्पादन करने के साथ ही किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में भी मदद करता है।

           मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राज्य संचालित आवासीय स्कूलों और कॉलेजों को अंडे  चिकन और मटन उपलब्ध करा रही है।

           रेड्डी ने कहा कि हैदराबाद के बाहरी इलाके में विकसित किए जा रहे  फ्यूचर सिटी  में सम्मेलन केंद्र बनाने के लिए उद्यमियों की ओर से मांगी गई जमीन के अनुरोध पर सरकार फैसला करेगी।

           अल नीनो के कारण सूखे जैसी स्थिति के बीच मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने राज्य की दो साल की जरूरत पूरी करने के लिए पर्याप्त मात्रा में बढ़िया चावल का भंडार जमा कर लिया है।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common