नयी दिल्ली, भारत में 96 प्रतिशत कर्मचारी रोजाना या सप्ताह में दो से तीन बार कृत्रिम मेधा (एआई) का इस्तेमाल करते हैं। यह एशिया-प्रशांत क्षेत्र के नौ देशों में सबसे अधिक है। एआई के इस्तेमाल से भारतीय कर्मचारियों का हर सप्ताह औसतन 15 घंटे का समय बचता है। बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप (बीसीजी) की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।
बीसीजी ने अपनी रिपोर्ट ‘फॉर एशिया-पैसिफिक स्ट्रैटेजिक क्लैरिटी इज द की टू वैल्यू’ में कहा कि एशिया-प्रशांत क्षेत्र में नियमित रूप से एआई का इस्तेमाल करने वाले कर्मचारियों का औसत 85 प्रतिशत है। वहीं इस क्षेत्र में एआई के इस्तेमाल से कर्मचारियों का हर सप्ताह औसतन 9.4 घंटे का समय बचता है। रिपोर्ट के मुताबिक भारत में 61 प्रतिशत कर्मचारियों ने कहा कि वे एआई से बचने वाले समय का इस्तेमाल अतिरिक्त रणनीतिक कार्यों में करते हैं। एशिया-प्रशांत क्षेत्र में ऐसे कर्मचारियों का औसत 44 प्रतिशत है। इस मामले में भारत सभी नौ देशों में सबसे आगे है।
ऑस्ट्रेलिया में यह आंकड़ा 60 प्रतिशत और चीन में 37 प्रतिशत है। बीसीजी एक्स के भारत प्रमुख निपुण कालरा ने कहा एआई न केवल काम पूरा करने की गति बदल रहा है बल्कि यह भी बदल रहा है कि कर्मचारी किन कामों पर ध्यान दे सकते हैं। इससे संगठनों के लिए एआई का बेहतर इस्तेमाल करने के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। अब कंपनियों के प्रमुखों को काम करने के तरीकों में बदलाव करने कर्मचारियों की क्षमता बढ़ाने और एआई के इस्तेमाल से बेहतर कारोबारी नतीजे हासिल करने के बारे में स्पष्ट दिशा-निर्देश देने पर ध्यान देना चाहिए।
रिपोर्ट के अनुसार भारत में केवल 38 प्रतिशत कर्मचारियों को एआई के इस्तेमाल के रणनीतिक उद्देश्यों और उसकी भूमिका के बारे में स्पष्ट जानकारी है। एशिया-प्रशांत क्षेत्र में यह आंकड़ा 20 प्रतिशत है। बीसीजी ने कहा कि रणनीतिक स्पष्टता का मतलब है कि कंपनियां एआई को अपनी प्राथमिकता बताएं उसके इस्तेमाल की स्पष्ट योजना बनाएं कर्मचारियों को उनकी भूमिका समझाएं और एआई से बचने वाले समय का बेहतर इस्तेमाल करने के लिए मार्गदर्शन दें।
रिपोर्ट के मुताबिक भारत में 42 प्रतिशत कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें एआई के इस्तेमाल का पर्याप्त प्रशिक्षण मिला है जबकि 59 प्रतिशत कर्मचारियों ने बताया कि उनके संगठनों में मनुष्यों और एआई के साथ मिलकर काम करने के लिए नियम बनाए गए हैं।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common