अमेरिका में पॉल पेलोसी पर हमले का आरोपी ‘आत्मघाती मिशन’ पर था : अभियोजक

सैन फ्रांसिस्को, अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष नैंसी पेलोसी के घर में जबरन घुसने, उनके पति पर हमला करने और उनका अपहरण करने की कोशिश करने के आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह एक ‘‘आत्मघाती मिशन’’ पर था और उसकी कैलिफोर्निया के नेताओं एवं संघीय नेताओं को निशाना बनाने की योजना थी। अदालत में दाखिल दस्तावेजों में यह जानकारी दी गई है।

‘सैन फ्रांसिस्को सुपीरियर कोर्ट’ ने आरोपी डेविड डिपाप को मंगलवार को जमानत नहीं देने का आदेश दिया था।

डिपाप का प्रतिनिधित्व कर रहे सरकारी वकील एडम लिप्सन ने अपने मुवक्किल की ओर से दायर अपील में उसे बेगुनाह बताया। पॉल पेलोसी पर शुक्रवार तड़के हुए हमले के बाद से डिपाप पहली बार सार्वजनिक रूप से नजर आया।

अभियोजकों ने मंगलवार को अदालत में दायर दस्तावेजों में कहा कि डिपाप ने कथित रूप से कहा कि एक स्थानीय प्रोफेसर, राज्य और संघ के कई जाने-माने नेता और उनके परिवार के सदस्य भी उसके निशाने पर थे।

अभियोजकों ने डिपाप की हिरासत का अनुरोध किया।

दस्तावेजों के अनुसार, पॉल पेलोसी पर हथोड़े से हमला किया गया, जिससे वह बेहोश हो गए और जब उन्हें होश आया, तब वह खून में लथपथ थे।

डिपाप (42) ने जज डियाने नॉथवे के समक्ष केवल इतना कहा कि उसके उपनाम का सही उच्चारण क्या है।

नैंसी पेलोसी के सैन फ्रांसिस्को स्थित आवास में शुक्रवार तड़के हमलावर डिपाप घुस गया और उसने एक हथौड़े से पॉल पेलोसी पर हमला किया, जिसमें वह घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस हमले में पॉल पेलोसी की खोपड़ी में फ्रैक्चर हुआ है और उन्हें कई अन्य चोटें भी आई हैं, जिके कारण उनकी सर्जरी करनी पड़ी है।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Associated Press (AP)

%d bloggers like this: