अमरावती, राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने विजयवाड़ा के पास एक अभियान के दौरान 5.84 करोड़ रुपये मूल्य का 3.1 किलोग्राम सोना और अमेरिकी डॉलर एवं यूरो जब्त कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
डीआरआई के अनुसार बांग्लादेश से सोने की तस्करी कर कोलकाता के रास्ते हैदराबाद ले जाने वाले एक गिरोह के बारे में मिली विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की गई। डीआरआई की हैदराबाद क्षेत्रीय इकाई और विजयवाड़ा क्षेत्रीय इकाई ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया।
डीआरआई की ओर से जारी बयान के अनुसार अधिकारियों ने विजयवाड़ा के बाहरी इलाके में एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) को रोककर उसकी गुप्त जगह में छिपाकर रखी गई विदेशी मुद्रा बरामद की।
वाहन में सवार दो लोगों ने पूछताछ के दौरान कथित तौर पर बताया कि उन्होंने शहर के बाहरी इलाके में सोने की खेप पहुंचाई थी और बरामद विदेशी मुद्रा तस्करी के सोने की बिक्री से मिली रकम का हिस्सा थी। इसके बाद डीआरआई अधिकारियों ने सार्वजनिक परिवहन की एक बस से हैदराबाद जा रहे तीन अन्य संदिग्धों की पहचान की और उन्हें एक टोल प्लाजा पर रोक लिया। तलाशी के दौरान उनकी कमर से बंधी एक थैली में विदेश में निर्मित सोने की तीन छड़ें बरामद हुईं जिनका वजन लगभग 3.1 किलोग्राम था।
बयान के मुताबिक जब्त सामान में कुल 3 147.1 ग्राम सोना 60 000 अमेरिकी डॉलर और 21 500 यूरो शामिल हैं। इनकी कुल कीमत 5.84 करोड़ रुपये आंकी गई है। डीआरआई ने कथित तौर पर तस्करी के सामान की खरीद और उसे पहुंचाने में शामिल पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। मजिस्ट्रेट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common