प्रयागराज, भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी)-इलाहाबाद ने अपने पूर्व छात्रों को दीक्षांत समारोह में विशिष्ट अतिथि के तौर पर आमंत्रित करने की नयी परंपरा शुरू की है। संस्थान के 20वें दीक्षांत समारोह में पहली बार पूर्व छात्र और मॉर्गन स्टेनली के उपाध्यक्ष कमलेश लाहोटी को विशिष्ट अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया है।
यहां संस्थान के परिसर में यह जानकारी देते हुए निदेशक प्रोफेसर मुकुल शरद सुतावने ने बताया कि संस्थान की इस पहल से अन्य छात्र भी अपने करियर में नयी ऊंचाइयां छूने को प्रोत्साहित होंगे। लाहोटी ने 2010 में आईआईआईटी-इलाहाबाद के प्रथम ईसीई बैच से बीटेक की उपाधि प्राप्त की थी।
उन्होंने बताया कि 20वें दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद नयी दिल्ली के अध्यक्ष प्रोफेसर टीजी सीताराम होंगे। वहीं संस्थान के संचालक मंडल (बोर्ड ऑफ गवर्नर्स) के अध्यक्ष प्रोफेसर भीम सिंह भी समारोह को संबोधित करेंगे।
निदेशक ने बताया कि 13 सितंबर को होने वाले इस दीक्षांत समारोह में 648 डिग्रियों के अलावा मेधावी विद्यार्थियों को 22 पदक भी प्रदान किए जाएंगे। आईईसी के छात्र शिखर अग्रवाल को 2025 के लिए अध्यक्ष का स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा।
संस्थान में प्लेसमेंट की जानकारी देते हुए सुतावने ने बताया कि इस वर्ष प्लेसमेंट के लिए बीटेक के 431 छात्रों ने पंजीकरण कराया था जिसमें से 424 छात्रों को सफलतापूर्वक प्लेसमेंट मिला है। वहीं पैकेज के मामले में औसत पैकेज सालाना 32 लाख रुपये रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में एमटेक कार्यक्रम पूर्ण करने वाले 122 छात्रों में से 102 छात्रों को प्लेसमेंट मिला है। इसके अलावा 35 छात्रों को निजी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में आकर्षक वेतन के साथ संकाय पदों की पेशकश की गई है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common