आप ने भाजपा पर ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र रोकने का आरोप लगाया

आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली प्रभारी सौरभ भारद्वाज ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आदेश दिया है कि दिल्ली में अब ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र नहीं बनाए जाएंगे। भारद्वाज ने कहा, “सरकार ने स्कूलों और कॉलेजों में ईडब्ल्यूएस को 10% आरक्षण दिया है और अब इससे छात्रों को परेशानी होगी। ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र के आधार पर अस्पतालों में आरक्षण मिलता है लेकिन अब यह संभव नहीं होगा।” भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पलटवार किया।

दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री ने ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र बनाने पर कोई रोक नहीं लगाई है। दिल्ली की जनता समझती है कि सौरभ भारद्वाज ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र बनाने को लेकर विवाद खड़ा कर रहे हैं, क्योंकि अगर ईडब्ल्यूएस घोटाले की जांच हुई तो न केवल सौरभ भारद्वाज बल्कि अरविंद केजरीवाल और उनके 62 विधायकों में से कई का नाम भी सामने आ सकता है।

सचदेवा ने कहा, दिल्ली के आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों को ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र और इसका लाभ भविष्य में भी मिलता रहेगा। मुख्यमंत्री ने इसका दुरुपयोग रोकने के लिए नए प्रमाण पत्र बनाने के लिए उचित दिशा-निर्देश बनाने के निर्देश दिए हैं। चुनाव हारते ही सौरभ भारद्वाज ने खुद को बेरोजगार नेता घोषित कर दिया था और आजकल बेरोजगारी के इस दौर में सौरभ भारद्वाज रोजाना बयान देकर खुद को राजनीति में प्रासंगिक बनाए रखना चाहते हैं ।

Photo : Wikimedia

%d bloggers like this: