इटली के वेनिस शहर में बस हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत

रोम, इटली के वेनिस शहर में एक बस फ्लाईओवर से नीचे गिर गई, जिससे कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हो गए।

             वेनिस के एक अधिकारी के अनुसार, बस यूक्रेनी नागरिकों सहित विदेशी पर्यटकों को ले जा रही थी, तभी वह मेस्त्रे में मंगलवार को एक फ्लाईओवर से नीचे गिर गई और उसमें आग लग गई।  दमकलकर्मी और अन्य आपात कर्मियों ने शवों को निकालने तथा आग बुझाने के लिए रातभर काम किया।  वेनिस दमकलकर्मी दल के कमांडर माउरो लुओंगो ने कहा, ‘‘बस में लोगों ने अपने आप को आग की लपटों से घिरा पाया। घटनास्थल का दृश्य खौफनाक था। कुछ शवों को निकालने में करीब एक घंटे तक का वक्त लगा।’’

             वेनिस के मेयर लुइगी ब्रुगनारो ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर बताया कि घटनास्थल का दृश्य तबाही जैसा था और उन्होंने हादसे में मारे गए लोगों के लिए शहर में शोक की घोषणा की है। वेनिस शहर के एक अधिकारी रेनातो बोरासो ने बताया कि वेनिस के पुराने शहर से महज नौ किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में हुए इस हादसे में घायल हुए चार लोगों की हालत गंभीर है। मृतकों में दो बच्चे शामिल हैं।

             घायलों को क्षेत्र के पांच अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, बस फ्लाईओवर के नीचे से गुजर रही मेस्त्रे की रेल पटरियों से कुछ मीटर दूर गिरी और उसमें आग लग गई। वेनेतो क्षेत्र के गवर्नर लुका जेइया ने आरएआई सरकारी टेलीविजन को बताया कि हादसे की वजह का अभी पता नहीं चला है।

             उत्तरी वेरोनो शहर के समीप 2017 में एक बस दुर्घटना में 16 लोगों की मौत हो गई थी। 2013 में इटली की सबसे भीषण सड़क दुर्घटनाओं में से एक में 40 लोगों की जान चली गई थी।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: