उड़िया फिल्म ‘बाघुनी’ का भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में विश्व प्रीमियर होगा

भुवनेश्वर,  ओडिशा की सांस्कृतिक परंपराओं पर आधारित उड़िया फीचर फिल्म ‘बाघुनी’ (बाघ की तरह नाचना) को गोवा में 20 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाले 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) में विशेष प्रीमियर के लिए चुना गया है।

          फिल्म के निर्देशक जितेंद्र मिश्रा ने बताया कि इस साल महोत्सव के लिए चुनी गई फिल्मों में ‘बाघुनी’ एकमात्र उड़िया फिल्म है। इसे उड़िया सिनेमा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

          उड़िया फिल्म के आईएफएफआई में चुने जाने पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने खुशी जताते हुए पूरी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।

          माझी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा  ‘‘जब ओडिशा की कोई कहानी वैश्विक मंच पर पहुंचती है  तो सिर्फ एक फिल्म ही वहां नहीं जाती  बल्कि वह अपने साथ ओडिशा की आत्मा  हमारी संस्कृति  विरासत और पहचान भी लेकर जाती है। हमारी कहानियां हमारी मिट्टी से जुड़ी हैं  हमारी परंपराओं से आकार लेती हैं और उड़िया अस्मिता की भावना से समृद्ध होती हैं।’’

          उन्होंने कहा कि इस तरह की हर उपलब्धि राज्य की सांस्कृतिक कहानियों को सीमाओं के पार पहुंचाती है  उड़िया सिनेमा की यात्रा में एक नया अध्याय जोड़ती है और उड़िया फिल्म उद्योग के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलती है।

          मुख्यमंत्री ने कहा  ‘‘हमारी कहानियां दूर तक पहुंचें  हमारी प्रतिभा और निखरे तथा उड़िया सिनेमा की भावना दुनियाभर में गूंजती रहे।’’

          सच्ची घटनाओं से प्रेरित ‘बाघुनी’ ओडिशा की समृद्ध सांस्कृतिक पृष्ठभूमि पर आधारित एक भावनात्मक फिल्म है  जिसमें एक बच्ची के जीवन के अनुभवों और उसके सपनों की कहानी दिखाई गई है।

          फिल्म की कहानी एक दूरदराज के गांव में रहने वाली 11 वर्षीय मिनी के इर्द-गिर्द घूमती है। वह पारंपरिक लोक नृत्य ‘बाघ नाचा’ में बाघ नर्तक बनने का सपना देखती है। इस लोकनृत्य में ऐतिहासिक रूप से पुरुषों का दबदबा रहा है।

          पुरुष-प्रधान समाज में लड़कियों का इस नृत्य में शामिल होना पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं और मान्यताओं को चुनौती देता है। ऐसे में मिनी साहस  दृढ़ संकल्प और उम्मीद के साथ अपने सपने को पूरा करने की राह पर निकलती है। फिल्म के माध्यम से लैंगिक भेदभाव  सामाजिक परंपराओं  सांस्कृतिक पहचान और अपना भविष्य खुद तय करने के एक बच्ची के संकल्प को दर्शाया गया है।

          फिल्म में उड़िया सिनेमा उद्योग के सबसे चर्चित अभिनेताओं में से एक सब्यसाची मिश्रा के साथ कई युवा कलाकार भी नजर आएंगे। इन बाल कलाकारों का चयन ओडिशा के हजारों बच्चों के बीच कई चरणों में आयोजित ऑडिशन के जरिए किया गया है।

          मिश्रा ने कहा  ‘‘उड़िया सिनेमा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने लगी है  लेकिन मेरा मानना है कि ‘बाघुनी’ उड़िया फिल्मों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाएगी। इस भूमिका की मांग के अनुसार पारंपरिक बाघ नृत्य सीखना और 30 किलोग्राम वजन कम करना मेरे लिए बेहद कठिन था  लेकिन फिल्म की कहानी और इससे जुड़ी टीम ने मुझे अपनी सीमाओं से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।’’

          फिल्म के लेखक और निर्देशक जितेंद्र मिश्रा ने कहा  ‘‘अपनी मां के जीवन के सफर से गहराई से प्रेरित यह फिल्म महिलाओं की ताकत को समर्पित है। यह उनके मौन साहस  अटूट मूल्यों और हर बाधा से उबरने की असाधारण क्षमता को दर्शाती है। जब किसी लड़की को सपने देखने की आजादी मिलती है  तो वह दुनिया बदल सकती है।’’

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common