उत्तर कोरिया का परमाणु परीक्षण करना चिंताजनक होगा : संरा परमाणु प्रमुख

संयुक्त राष्ट्र, संयुक्त राष्ट्र के परमाणु प्रमुख राफेल ग्रोसी ने कहा कि उत्तर कोरिया द्वारा किया जाने वाला नया परमाणु परीक्षण चिंताजनक होगा और यह इस बात की पुष्टि करेगा कि उसका परमाणु कार्यक्रम तेज गति से आगे बढ़ रहा है।

ग्रोसी ने बृहस्पतिवार को कहा कि अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) को सातवें परीक्षण की तैयारियों के संकेत मिले हैं, लेकिन उसे ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि परमाणु विस्फोट का खतरा करीब है।

उन्होंने एक सवाल के जवाब में पत्रकारों से कहा, ‘‘हर कोई अपनी सांस थामे बैठा है। और परीक्षणों का मतलब जाहिर है कि वे तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं और शस्त्रागार का निर्माण कर रहे हैं, इसलिए हम बहुत, बहुत करीब से इस पर नजर रख रहे हैं।’’

ग्रोसी ने कहा, ‘‘हम उम्मीद करते हैं कि ऐसा न हो, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण रूप से संकेत कुछ और ही दिखा रहे हैं।’’

अमेरिका और उसके सहयोगी एशियाई देशों-जापान व दक्षिण कोरिया के अधिकारियों ने संदेह जताया है कि उत्तर कोरिया परमाणु परीक्षण की तैयारी कर रहा है। तीनों देशों के उप विदेश मंत्रियों ने बुधवार को कहा था कि इस मामले में उनकी संयुक्त प्रतिक्रिया ‘निर्णायक’ होगी।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Associated Press (AP)

%d bloggers like this: