नयी दिल्ली, भारत को अगले साल थाईलैंड में होने वाले एएफसी अंडर-20 महिला एशियाई कप फाइनल के कड़े ग्रुप सी में जापान ऑस्ट्रेलिया और चीनी ताइपे के साथ रखा गया है। ड्रॉ बैंकॉक में आयोजित किया गया।
बीस साल बाद महाद्वीपीय महिला अंडर-20 टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने वाली भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत जापान के खिलाफ करेगी उसके बाद ऑस्ट्रेलिया और फिर चीनी ताइपे से भिड़ेगी।
गत उपविजेता जापान इस टूर्नामेंट का रिकॉर्ड छह बार का चैंपियन है और 2018 में फीफा अंडर-20 महिला विश्व कप चैंपियन और 2024 का उप विजेता भी है। ऑस्ट्रेलिया 2024 में तीसरे स्थान पर रहा जबकि चीनी ताइपे ग्रुप चरण में ही बाहर हो गया था।
तीनों ग्रुप में से प्रत्येक से शीर्ष दो टीम और तीसरे स्थान पर रहने वाली दो सर्वश्रेष्ठ टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली चार टीम पोलैंड में होने वाले 2026 फीफा अंडर-20 महिला विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेंगी।
ग्रुप ए में मेजबान थाईलैंड को चीन वियतनाम और बांग्लादेश के साथ रखा गया है। ग्रुप बी में वर्तमान अंडर-20 विश्व चैंपियन उत्तर कोरिया दक्षिण कोरिया उज्बेकिस्तान और जोर्डन शामिल हैं।
यह टूर्नामेंट तीन स्थानों पर खेला जाएगा जिसमें बैंकॉक का राजमंगला राष्ट्रीय स्टेडियम पथुम थानी का थम्मासैट स्टेडियम और पथुम थानी स्टेडियम शामिल हैं।
ग्रुप ए: थाईलैंड चीन वियतनाम बांग्लादेश।
ग्रुप बी: उत्तर कोरिया दक्षिण कोरिया उज्बेकिस्तान जोर्डन।
ग्रुप सी: जापान ऑस्ट्रेलिया चीनी ताइपे भारत।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common