एमसीडी छात्रों को ‘यूनिफॉर्म’ और स्कूल बैग के लिए 70 करोड़ रुपये की सहायता देगा

नयी दिल्ली,  दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) इस सप्ताह से अपने स्कूलों के छात्रों को ‘यूनिफॉर्म’ और स्कूल बैग के लिए आर्थिक सहायता देना शुरू करेगा। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि पहले चरण में लगभग 5.1 लाख बच्चों के बैंक खातों में करीब 70 करोड़ रुपये भेजे जाएंगे।

          उन्होंने बताया कि नामांकन के लिए 31 अगस्त की समयसीमा तय किए जाने के बाद निगम ने 2026-27 शैक्षणिक सत्र के लिए 6 56 950 छात्रों को इस सहायता के लिए पात्र माना है। फिलहाल करीब 5.1 लाख छात्रों के बैंक खातों का विवरण उपलब्ध है।

          एक अधिकारी ने बताया  ‘‘प्रत्येक छात्र को यूनिफॉर्म और स्कूल बैग के लिए 1 370 रुपये मिलेंगे। इस तरह पहले चरण में करीब 69.87 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे। जिन बच्चों के माता-पिता के पास बैंक खाते नहीं हैं उनके लिए खाते खोलने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं  निष्क्रिय या अद्यतन की आवश्यकता वाले खातों के विवरणों पर भी ध्यान दिया जा रहा है।’’

          दिल्ली नगर निगम के स्कूलों में दाखिले और नाम वापस लेने की प्रक्रिया पूरे शैक्षणिक सत्र के दौरान जारी रहने के कारण हर साल 31 अगस्त की समय-सीमा का पालन किया जाता है।

          अधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्षों में इस राशि के वितरण में देरी हुई थी और सक्रिय बैंक खाते नहीं होने के कारण अक्सर छात्रों को पैसे नहीं मिल पाते।

          निगम अब यह सुनिश्चित करने के लिए प्रयास कर रहा है कि जिन बच्चों के बैंक खाते नहीं हैं  उन्हें भी भुगतान प्रक्रिया के दायरे में लाया जाए।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: