ओडिशा में अराजकता एक सच्चाई है : प्रधान

भुवनेश्वर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र प्रधान ने ओडिशा में एक नाबालिग लड़के और एक मंत्री की हत्या को लेकर बीजद सरकार की आलोचना करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि ‘‘ओडिशा में अराजकता एक सच्चाई है।’’           केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस बयान पर बीजद ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते कहा कि प्रधान राज्य के शांतिप्रिय लोगों का अपमान न करें।

             केंद्रीय मंत्री ने ट्विटर पर कहा, ‘‘ओडिशा में अराजकता एक सच्चाई है। अब बहुत हुआ, सत्ता में बैठे लोगों को राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति में खामियों को स्वीकार कर लेना चाहिए।’’

             उन्होंने कहा, ‘‘दिनदहाड़े मंत्री नब दास की हत्या के ठीक दो महीने के भीतर समर्थ नामक लड़के की हत्या ने कानून व्यवस्था को लेकर ओडिशा सरकार के बड़े बड़े दावों की पोल खोल दी है।’’

             प्रधान ने 50 लाख रुपये की फिरौती के लिए झारसुगुड़ा जिले में 10वीं कक्षा के छात्र समर्थ अग्रवाल के कथित रूप से अपहरण और हत्या का जिक्र किया। छात्र का अधजला शव बारगढ़ जिले से मंगलवार को मिला था।

             केंद्रीय मंत्री का ट्वीट ऐसे वक्त आया है जब 29 जनवरी को नब किशोर दास की हत्या की मंशा का पता नहीं लगा पाने के कारण दोनों विपक्षी दल भाजपा और कांग्रेस विधानसभा में राज्य सरकार की आलोचना कर रहे हैं।

             प्रधान ने यह भी आरोप लगाया कि ओडिशा में न तो आम नागरिक और न ही जनप्रतिनिधि सुरक्षित हैं।

             केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘ झारसुगुड़ा में इस तरह की वीभत्स घटनाओं ने सभी को झकझोर कर रख दिया है और ओडिशा के लोगों के भरोसे को कमजोर किया है।’’

             प्रधान ने कहा कि किसी भी प्रकार की सहानुभूति समर्थ के परिवार को सांत्वना नहीं दे पाएगी। उन्होंने कहा कि ओडिशा सरकार को कानून का शासन और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपनी कमर कसनी चाहिए।

             झारसुगुड़ा में 10वीं कक्षा के छात्र के अपहरण और हत्या को लेकर भी विपक्षी दल राज्य सरकार की आलोचना कर रहे हैं।

             कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि फिरौती के लिए अपहरण और हत्या ने राज्य में कानून व्यवस्था की असलियत की पोल खोल दी है।

             झारसुगुड़ा में 10 मई को होने वाले उपचुनाव का जिक्र करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक संतोष सिंह सलूजा ने कहा कि लोग अब उपचुनाव में वोट डालने से डरेंगे।

             प्रधान की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजद नेता एवं सांसद सस्मित पात्रा ने कई ट्वीट कर कहा कि 2021 में ओडिशा की तुलना में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र जैसे भाजपा शासित राज्यों में हत्या के अधिक मामले सामने आए थे।

             प्रधान को ‘भाई’ कहकर संबोधित करते हुए पात्रा ने कहा, ‘‘अपनी ओछी राजनीतिक मंशा के लिए ओडिशा का अपमान नहीं करें। यह जानकर आश्चर्य होता है कि लंबे समय से माननीय केंद्रीय मंत्री होने के बावजूद आप अब तक कानून विहीनता (कानून व्यवस्था) और अपराध में अंतर नहीं जान पाए हैं।’’

             एक अन्य ट्वीट में उन्होंने पात्रा से कहा, ‘‘कृपया गुमराह न करें और न ही अपराध के संवेदनशील मुद्दों पर राजनीति करें। क्या आप जानते हैं कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) रिपोर्ट (2021) के अनुसार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, असम और हरियाणा जैसे राज्यों में ओडिशा की तुलना में बलात्कार की घटनाएं अधिक हुई हैं?’’

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: