ओडिशा सरकार पीडीएस के तहत अतिरिक्त पांच किलोग्राम चावल उपलब्ध कराने की बना रही योजना

भुवनेश्वर,  ओडिशा सरकार सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत गरीबों को अतिरक्त पांच किलोग्राम चावल उपलब्ध कराने की योजना बना रही है। यहां एक मंत्री ने संवाददाताओं को यह जानकारी दी।

            खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण मंत्री कृष्ण चंद्र पात्रा ने कहा  ‘‘हम खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत आने वाले सभी 3.25 करोड़ लोगों को अतिरिक्त पांच किलोग्राम चावल उपलब्ध कराने पर विचार कर रहे हैं। अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री द्वारा लिया जाएगा।’’

             वर्तमान में सरकार सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत प्रति व्यक्ति पांच किलोग्राम चावल उपलब्ध कराती है। मंत्री ने कहा  ‘‘कई लाभार्थियों ने कहा है कि पांच किलोग्राम चावल प्रति माह पर्याप्त नहीं है इसलिए सरकार प्रत्येक को अतिरिक्त पांच किलोग्राम चावल वितरित करने पर विचार कर रही है।’’

             इस बीच राज्य सरकार ने अगले महीने तक अपने ई-केवाईसी सत्यापन पूरा नहीं करने वाले लाभार्थियों को अनुदान वाले चावल वितरण पर रोक लगाने का निर्णय लिया है।

             पात्रा ने कहा कि ओडिशा में 15.67 लाख से ज़्यादा लाभार्थियों ने अब भी सत्यापन नहीं करवाया है। ‘‘हालांकि उन्हें चावल मिल रहा है लेकिन समय सीमा तक अनिवार्य ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले लोगों के लिए वितरण पर सरकार द्वारा रोक लगाई जाएगी।’’ उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर केंद्र ई-केवाईसी की समयसीमा बढ़ाता है तो राज्य भी सीमा बढ़ा देगा।  पात्रा ने कहा  ‘‘जो लाभार्थी छूट जाएंगे वे विचार के लिए लिखित अपील भी प्रस्तुत कर सकते हैं।’’

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: