कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने बंदी छोड़ दिवस पर सिख समुदाय को दीं शुभकामनाएं

टोरंटो, कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने बंदी छोड़ दिवस के अवसर पर सिख समुदाय को शुभकामनाएं दी हैं।

ट्रूडो ने कहा कि यह एक मजबूत कनाडा के निर्माण के लिए सिख धर्म के लोगों के महत्वपूर्ण योगदानों को स्वीकार करने का भी एक अवसर है।

कनाडा के प्रधानमंत्री ने सोमवार को एक बयान में कहा, ‘‘आज (सोमवार को) हम कनाडा और दुनिया भर में सिख समुदाय के लोगों के साथ मिलकर बंदी छोड़ दिवस मना रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि आज परिवार के सदस्य और दोस्त प्रार्थना करने, दावत करने और अपने घरों तथा गुरुद्वारों में उम्मीद, मार्गदर्शन और स्वतंत्रता के प्रतीक के रूप में मोमबत्तियां जलाने के लिए एकत्र होंगे।

ट्रूडो ने कहा, ‘‘बंदी छोड़ दिवस पर, हम अपने आस-पास के लोगों के साथ एकजुटता से खड़े होने और जरूरतमंदों की सेवा करने के महत्व पर विचार करते हैं।’’

कनाडा के प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘इस दिन, सिख समुदाय के लोग गुरु हरगोबिंद साहिब जी की कहानी को याद करते हैं, जिन्हें 1619 में ग्वालियर किले में कैद किया गया था। जब उन्हें जेल से मुक्त होने का मौका दिया गया, तो गुरु ने मुगल बादशाह जहांगीर द्वारा अपने साथ कैद किए गए 52 निर्दोष राजाओं के बिना रिहा होने से इनकार कर दिया। अंत में, वह खुद को और राजाओं को मुक्त कराने में सफल रहे तथा अमृतसर लौटे।’’

प्रधानमंत्री ने बयान में कहा कि यह समय सिख धर्म के कनाडाई लोगों के महत्वपूर्ण योगदान को याद करने, उन्हें स्वीकार करने का भी है। बयान के अनुसार, सिख समुदाय के लोगों का एक मजबूत कनाडा के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण योगदान है जो निरंतर जारी है।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Associated Press (AP)

%d bloggers like this: