कांग्रेस ने काजीरंगा घुसपैठियों को सौंप दिया था, राजग ने इसे मुक्त कराकर पर्यटन स्थल बनाया: शाह

कालियाबोर (असम), केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राज्य में अपने 15 साल के शासन के दौरान असम के विकास के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने यहां चुनावी रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने विश्व प्रसिद्ध काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान को घुसपैठियों के हवाले कर दिया जिन्होंने वन भूमि पर अतिक्रमण किया और एक सींग वाले गैंडों को खतरे में डाल दिया। उन्होंने कहा “ यह राजग सरकार थी जिसने अतिक्रमणकारियों को हटाया और यह सुनिश्चित किया कि काजीरंगा एक बार फिर विश्व पर्यटन मानचित्र पर आए।”

शाह ने राज्य के दौरे पर आए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा और कहा “कांग्रेस ने अपने शासन के दौरान राज्य के लिए क्या किया ” उन्होंने आरोप लगाया “प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह असम से राज्यसभा सदस्य थे लेकिन न तो उस समय की केंद्र सरकार और न ही राज्य सरकार ने इसके विकास के लिए कुछ किया।” केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि जब अतिक्रमित जमीन से घुसपैठियों को हटाया जाता है तो कांग्रेस इसे धार्मिक राजनीति के रूप में पेश करने की कोशिश करती है।

उन्होंने कहा “मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि भाजपा घुसपैठियों के खिलाफ है और असम के मूल निवासी मुसलमानों के खिलाफ नहीं है।” दो दिवसीय दौरे पर आए शाह ने कालियाबोर में भाजपा के सहयोगी दल असम गण परिषद (एजीपी) के उम्मीदवार और मंत्री केशव महंत के लिए प्रचार किया। वह शुक्रवार को तीन रैलियों को संबोधित करेंगे। असम की 126 विधानसभा सीट के लिए नौ अप्रैल को चुनाव होंगे और मतगणना चार मई को की जाएगी।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: