केरलम के मुख्यमंत्री ने उनके सुरक्षा काफिले में वाहन बढ़ाने के पुलिस के अनुरोध को खारिज किया

तिरुवनंतपुरम, केरलम के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने पुलिस से कहा कि उनके काफिले में पायलट और एक ‘एस्कॉर्ट’ वाहन के अलावा किसी अतिरिक्त सुरक्षा गाड़ी की जरूरत नहीं है।

आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने कहा कि हाल में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा विरोधस्वरूप मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों को काले झंडे दिखाये जाने के बाद पुलिस ने उनके काफिले में एक और सुरक्षा वाहन शामिल करने का प्रस्ताव रखा जिसके बाद मुख्यमंत्री ने यह निर्देश जारी किया।

बुधवार सुबह भी जब मुख्यमंत्री यहां हवाई अड्डे से लौट रहे थे तब युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले के सामने आने की चेष्टा की और उन्हें काले झंडे दिखाए। सूत्रों का कहना था कि लेकिन सतीशन जिनकी सरकारी गाड़ी के साथ एक पायलट जीप और एक ‘एस्कॉर्ट’ गाड़ी चलती है ने पुलिस के अनुरोध को ठुकरा दिया है।

अधिकारियों की ओर से यह स्पष्टीकरण इस खबर के बाद आया कि मुख्यमंत्री सुबह एक कार्यक्रम में जाते समय अपने काफिले में पुलिस की एक अतिरिक्त गाड़ी शामिल होने से नाखुश थे।

खबर के मुताबिक बाद में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि वह अतिरिक्त गाड़ी उनके काफिले का हिस्सा नहीं थी बल्कि गलती से उनके काफिले के आगे आ गई थी क्योंकि वह भी उसी जगह जा रही थी।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: