केरल के गुरुवायूर मंदिर में 23 अगस्त को 377 विवाह समारोह के लिए बुकिंग

त्रिशूर (केरल), केरल के प्रसिद्ध गुरुवायूर श्रीकृष्ण मंदिर में 23 अगस्त को बड़ी संख्या में विवाह समारोह होंगे और मलयालम कैलेंडर के शुभ माह ‘चिंगम’ के पहले रविवार के लिए अब तक 377 शादियों की बुकिंग हो चुकी है। गुरुवायूर देवस्वोम ने बताया कि बुकिंग अभी जारी है इसलिए शादियों की संख्या 400 के पार जा सकती है। इसके अलावा 30 अगस्त के लिए भी 295 विवाह समारोहों के लिए बुकिंग की जा चुकी है।

देवस्वओम के अध्यक्ष ए. वी. गोपीनाथ ने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए मंदिर में दर्शन को सुगम बनाने और विवाह समारोहों को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

गुरुवायूर देवस्वओम ने मंगलवार को फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा कि 23 और 30 अगस्त को विवाह समारोह सुबह चार बजे से शुरू होंगे ताकि सभी शादियां समय पर संपन्न कराई जा सकें। समारोहों के लिए छह मंडप बनाए जाएंगे और अतिरिक्त मंदिर कर्मचारियों तथा ‘मंगलवाद्यम’ (वाद्य यंत्र बजाने वाले) दलों को तैनात किया जाएगा।

देवस्वओम ने कहा कि भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए दूल्हा-दुल्हन के अलावा फोटोग्राफर सहित केवल 24 लोगों को विवाह मंडप के पास जाने की अनुमति होगी। इस मंदिर में आठ सितंबर 2025 को एक दिन में रिकॉर्ड 334 शादियां हुई थीं।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: