कोच्चि, भारतीय तटरक्षक बल ने कहा कि दो दिन पहले केरल के तट पर डूबे लाइबेरियाई मालवाहक जहाज से तेल रिसकर राज्य के तटों तक नहीं पहुंचा है। रक्षा विभाग के एक जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि जहाज़ के डूबने से हुए तेल रिसाव से निपटने के लिए तटरक्षक बल द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं।
पोस्ट में कहा गया है ‘‘तेल रिसाव से जुड़ी स्थिति को नियंत्रित किया जा रहा है और तटरक्षक बल द्वारा उस पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। आज दोपहर 13:30 बजे तक केरल के तटों पर कोई तेल नहीं पहुंचा है।’’
सोमवार को इस बात की चिंता थी कि तेल रिसाव केरल के तटों तक पहुंच सकता है क्योंकि पोत से ईंधन लगभग तीन किलोमीटर प्रति घंटे की गति से बह रहा था।
लाइबेरियाई मालवाहक जहाज़ – एमएससी एल्सा 3 – रविवार को कोच्चि तट के पास डूब गया। पोत पर 640 कंटेनर लदे हुए थे जिनमें 13 खतरनाक कार्गो और 12 कैल्शियम कार्बाइड वाले थे।
तटरक्षक बल ने पोत पर सवार चालक दल के 24 सदस्यों में से 21 को रविवार को बचा लिया था। चालक दल के शेष तीन सदस्यों को बाद में आईएनएस सुजाता द्वारा बचाया गया जो कि आईसीजी द्वारा शुरू किए गए बचाव अभियान में शामिल हुआ।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common