प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भारत सरकार और सिंगापुर गणराज्य के बीच ‘विमानन MRO (मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल) क्षेत्र में कौशल और उद्योग विकास के लिए सहयोग’ पर एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर करने को मंजूरी दी।इस फैसले का स्वागत करते हुए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा, “भारत और सिंगापुर के बीच यह समझौता ज्ञापन बहुत प्रभावशाली होगा और यह माननीय प्रधानमंत्री के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के विजन के अनुरूप है। हम चाहते हैं कि विमान के हर पुर्जे – जिसमें लैंडिंग गियर, रेडोम, इंजन, कॉकपिट डिस्प्ले, सीटें, विंग्स और सबसे छोटे हिस्से भी शामिल हैं – उनकी मरम्मत भारत में ही हो।
इस समझौता ज्ञापन का उद्देश्य भारत को एक क्षेत्रीय विमानन वर्कशॉप (केंद्र) के रूप में स्थापित करना भी है।”भारत-सिंगापुर साझेदारी की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए मंत्री ने आगे कहा, “सिंगापुर में विमानन MRO का एक सुस्थापित इकोसिस्टम है, जबकि भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते विमानन बाजारों में से एक है। विमानों की बढ़ती संख्या, एक क्षेत्रीय विमानन केंद्र के रूप में हमारी रणनीतिक भौगोलिक स्थिति और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ (व्यापार करने में आसानी) को बेहतर बनाने के लिए सरकार के निरंतर प्रयासों के कारण, भारत में MRO क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण अवसर मौजूद हैं।”
इस प्रस्तावित सहयोग से भारतीय प्रशिक्षण संस्थानों को ज्ञान के आदान-प्रदान और उद्योग के अनुभव के माध्यम से अपने पाठ्यक्रम और प्रशिक्षण क्षमताओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी। इस पहल से उद्योग की अधिक भागीदारी के माध्यम से घरेलू MRO बुनियादी ढांचे के विकास में मदद मिलने की उम्मीद है, और समय के साथ, विदेशी रखरखाव सेवाओं पर भारत की निर्भरता कम होगी।यह MoU दोनों देशों के बीच ज्ञान, विशेषज्ञता और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान को सुविधाजनक बनाने के लिए एक रूपरेखा प्रदान करेगा।इस MoU के मुख्य प्रावधानों में शामिल हैं:
• एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस इंजीनियर (AME) प्रशिक्षण के लिए उद्योग-उन्मुख पाठ्यक्रम का संयुक्त रूप से विकास करना।
• पाठ्यक्रम को गुणवत्तापूर्ण तरीके से लागू करने के लिए विशेषज्ञता साझा करना और भारतीय संस्थानों की क्षमता का निर्माण करना।
• सिंगापुर की MRO संस्थाओं के साथ इंटर्नशिप और एक्सचेंज प्रोग्राम, जिससे भारतीय छात्रों को उद्योग का व्यावहारिक अनुभव मिल सके।
• MRO सुविधाओं के विस्तार में मदद के लिए भारतीय और सिंगापुर के उद्योग हितधारकों के बीच साझेदारी को बढ़ावा देना।भारत की MRO (मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहाल) जरूरतों के बारे में बात करते हुए, राम मोहन नायडू ने कहा, “भारत में हवाई यातायात में अभूतपूर्व वृद्धि देखी जा रही है, और एयरलाइंस लगातार अपने विमानों के बेड़े का विस्तार कर रही हैं। इससे घरेलू MRO क्षमताओं और कुशल एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस इंजीनियरों (AMEs) की मांग बढ़ गई है। आज के समय में हमारे घरेलू MRO इकोसिस्टम को मजबूत करना बहुत जरूरी हो गया है। विदेशी मेंटेनेंस सेवाओं पर निर्भर रहने से अक्सर हमारी एयरलाइंस का खर्च बढ़ जाता है और विमानों को लंबे समय तक सेवा से बाहर (डाउनटाइम) रखना पड़ता है।
यह रणनीतिक समझौता ज्ञापन (MoU) हमें कुशल AMEs और आधुनिक MRO सुविधाओं की अपनी बढ़ती जरूरतों को पूरा करने में मदद करेगा। यह भारत को वैश्विक विमानन कौशल (aviation skilling) के केंद्र के रूप में विकसित करने और वैश्विक एयरलाइंस के लिए एक प्रमुख MRO गंतव्य बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।” यह MoU भारत के विमानन इकोसिस्टम को मजबूत करने, युवाओं के लिए कुशल रोजगार के अवसर पैदा करने और विमानन MRO क्षेत्र में ‘आत्मनिर्भर भारत’ के विजन को आगे बढ़ाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।https://en.wikipedia.org/wiki/Singapore_Airlines#/media/File:9V-SHL@PEK_(20200