कोयना से पानी कहीं और नहीं मोड़ा जा रहा, बेवजह विवाद खड़ा किया जा रहा है : फडणवीस

नागपुर, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कोयना जलविद्युत परियोजना से पश्चिम की ओर बहने वाले पानी को मुंबई में पेयजल की दीर्घकालिक आपूर्ति के लिए मोड़ने को लेकर जारी अटकलों के बीच कहा कि फिलहाल ‘‘ऐसा कोई मुद्दा नहीं है।’’ उन्होंने यहां नागपुर में संवाददाताओं से कहा ‘‘कई लोग बिना किसी अध्ययन के इस मुद्दे पर बात कर रहे हैं। फिलहाल कोयना का पानी दूसरी तरफ मोड़ने का कोई मसला नहीं है।’’ फडणवीस के मुताबिक बिजली बनाने के बाद कोयना का लगभग 60 टीएमसी पानी बिना इस्तेमाल सीधे समुद्र में बह जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा ‘‘हम इस बात का अध्ययन कर रहे हैं कि क्या पानी निचली धारा की ओर बहता है और क्या उसे ऊपर की ओर उठाने की जरूरत पड़ेगी। यह कोई आसान काम नहीं है। अगर उस पानी को मुंबई तक लाया जा सके तो कोंकण क्षेत्र की कई परियोजनाओं पर दबाव कम हो सकता है। साथ ही मुंबई आत्मनिर्भर भी बन सकता है।’’ फडणवीस ने कहा कि कुछ जन प्रतिनिधियों ने मांग की है कि इस मामले में तटीय कोंकण के हितों का भी ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा ‘‘हम निश्चित रूप से ऐसा करेंगे।’’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने कहा ‘‘सभी को यह बात समझनी चाहिए। हम यह महाराष्ट्र के फायदे के लिए करना चाहते हैं। हम पानी की कमी वाले इलाकों तक पानी पहुंचाना चाहते हैं।’’ उन्होंने साथ ही कहा कि किसी के पानी की चोरी करने का तो सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य उस पानी को ऊपरी धारा तक पहुंचाना है जो बेकार बह रहा है और किसी काम में नहीं आ रहा है ताकि उसे महाराष्ट्र के इस्तेमाल में लाया जा सके। फडणवीस ने कहा ‘‘फिर भी हम सभी की चिंताओं को समझेंगे और सबको मामले के बारे में समझाएंगे। इसलिए इस स्तर पर बेवजह विवाद खड़ा करना उचित नहीं है।’’क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common