खेल के हर उस पहलू पर काम किया जिसमें सुधार की जरूरत थी: पाठक

नयी दिल्ली, लगभग नौ महीने बाद वापसी करने वाले भारतीय पुरुष हॉकी टीम के गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक ने कहा कि उन्होंने एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी) से पहले अपने खेल के हर उस पहलू पर काम किया है जिसमें सुधार की जरूरत थी। इस 29 वर्षीय खिलाड़ी ने भारत की तरफ से अपना आखिरी मैच दिसंबर 2025 में दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर खेला था।

इस दौरे के दौरान कथित अनुशासनहीनता के आरोप में उन्हें दो अन्य खिलाड़ियों के साथ टीम से बाहर कर दिया गया था। पाठक ने कहा कि इसके बाद उन्होंने बेंगलुरु में अपने गोलकीपिंग कौशल को निखारा और राष्ट्रीय टीम में वापसी के लिए कड़ी मेहनत की।

पाठक को भारत की 18 सदस्यीय टीम में मोहित एचएस की जगह शामिल किया गया है। यह टूर्नामेंट 27 अक्टूबर से पांच नवंबर तक जालंधर और मोहाली में खेला जाएगा।

पाठक ने हॉकी इंडिया की प्रेस विज्ञप्ति में कहा ‘‘कोच ने मुझे सुधार के लिए जो कुछ भी बताया मैंने बेंगलुरु में इस पर काम किया। मेरा मानना है कि मैंने वह सुधार कर लिए हैं और अब मेरा ध्यान एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में मिले मौके का फायदा उठाना है।’’

उन्होंने कहा ‘‘हमने (डेवलपमेंट टीम ने) बेंगलुरु में कर्नाटक की सीनियर राष्ट्रीय टीम के खिलाफ मैच खेले। मैचों और टीम के साथ अभ्यास करने के अलावा मैंने गोलकीपिंग के अतिरिक्त सत्र में भी अभ्यास किया ताकि मैं उन चीजों पर काम करता रहूं जिनमें मुझे सुधार करने के लिए कहा गया था।’’

मौजूदा चैंपियन भारत टूर्नामेंट की शुरुआत 27 अक्टूबर को बांग्लादेश के खिलाफ करेगा। इसके बाद उसका सामना 29 अक्टूबर को चीन 30 अक्टूबर को जापान एक नवंबर को मलेशिया और दो नवंबर को दक्षिण कोरिया से होगा। लीग चरण के सभी मैच 27 अक्टूबर से दो नवंबर तक जालंधर में खेले जाएंगे जबकि सेमीफाइनल और फाइनल मोहाली में चार और पांच नवंबर को खेले जाएंगे।क्रडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: