गुजरात मंत्रिपरिषद का विस्तार शुक्रवार को होगा

अहमदाबाद, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व वाले राज्य मंत्रिपरिषद का शुक्रवार को विस्तार किया जाएगा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक वरिष्ठ नेता ने पहले बताया था कि आगामी मंत्रिपरिषद विस्तार में राज्य को लगभग 10 नए मंत्री मिल सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि लगभग आधे मौजूदा मंत्रियों को बदला जा सकता है।

एक सरकारी विज्ञप्ति में कहा गया है ‘‘गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मंत्रिपरिषद का विस्तार शुक्रवार पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे होगा।’’ गुजरात के मौजूदा मंत्रिपरिषद में मुख्यमंत्री पटेल सहित 17 मंत्री हैं। आठ कैबिनेट स्तर के मंत्री हैं जबकि इतने ही राज्य मंत्री हैं।

कुल 182 सदस्यों वाली राज्य विधानसभा में सदन की कुल संख्या का 15 प्रतिशत या 27 मंत्री हो सकते हैं।

इस महीने की शुरुआत में गुजरात सरकार में राज्य मंत्री जगदीश विश्वकर्मा केंद्रीय मंत्री सी आर पाटिल की जगह भारतीय जनता पार्टी की राज्य इकाई के नए अध्यक्ष बने।

भूपेंद्र पटेल ने 12 दिसंबर 2022 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में दूसरी बार शपथ ली थी।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया

%d bloggers like this: