चक्रवात के खतरे के कारण पूर्वी चीन में फेरी सेवा निलंबित, जापान और कोरिया पर भी हो सकता है असर

बीजिंग, हिनामनोर चक्रवात के प्रभाव से बचने के लिए पूर्वी चीन के शहरों में फेरी सेवाओं को निलंबित कर दिया गया है और कक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। इस भीषण चक्रवात का असर जापान, ताईवान और कोरिया पर भी पड़ सकता है।

शंघाई ने रविवार को फेरी सेवाओं को निलंबित कर दिया और खतरे वाले क्षेत्रों से यातायात दूर करने तथा बचावकर्मियों की सहायता के लिए 50 हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पूर्व में स्थित व्यवसाय केंद्र वेनझू में सोमवार को संचालित होने वाली सभी शैक्षिक कक्षाओं को निलंबित कर दिया गया है।

हिनामनोर चक्रवात 2022 में अब तक आया सबसे शक्तिशाली समुद्री तूफान है और इसके पूर्वी चीन सागर की ओर बढ़ने का पूर्वानुमान जताया गया है।

जापान के ओकिनावा से लोगों को निकाला जा रहा है और उड़ानें निलंबित कर दी गई हैं। चक्रवात के कारण कोरियाई प्रायद्वीप में भारी बारिश होने की आशंका है।

हांगकांग वेधशाला के अनुसार चक्रवात में हवा की अधिकतम गति 175 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। चीन के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार पूर्वाह्न दस बजे ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है और उत्तरपूर्वी प्रांत झेजियांग, शंघाई और ताईवान में भारी बारिश होने का अंदेशा जताया है।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Associated Press (AP)

%d bloggers like this: