जम्मू, जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में पुलिस ने अलग-अलग अभियानों में दो कथित मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ एक वजन तोलने वाली मशीन और नकदी बरामद की गई है।
अधिकारियों के मुताबिक एक गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए विजयपुर थाने की पुलिस टीम ने तारापुर रोड पर रख बरोटियां के पास नाकाबंदी की और रामगढ़ से रख बरोटियां की ओर जा रहे एक संदिग्ध को रोका। उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से लगभग 53.03 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ एक वजन तोलने वाली मशीन और 1 300 रुपये नकद बरामद किए।
आरोपी की पहचान सांबा जिले की विजयपुर तहसील के रख बरोटियां निवासी शबीर अहमद के रूप में हुई है। उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया और बरामद सामान को जब्त कर लिया गया।
यह कार्रवाई नशामुक्त अभियान के तहत की गई। विजयपुर थाने में इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी कुख्यात मादक पदार्थ तस्कर है और विजयपुर थाने में दर्ज कई मामलों में संलिप्त है।
उन्होंने कहा कि एक अन्य अभियान में बाड़ी ब्राह्मणा थाने की पुलिस टीम ने निहालकी क्षेत्र के पास गश्त के दौरान एक पैदल यात्री को रोका। दीपक कुमार के रूप में पहचाना गया यह संदिग्ध विजयपुर तहसील के गुढ़ा मोड़ का रहने वाला है। उसे उस समय रोककर उसकी तलाशी ली गई जब वह सुखानी तालाब से शन्नी कारथोली नहर की ओर जा रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 60 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारियों ने बताया कि बाड़ी ब्राह्मणा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जब्त की गई हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 50 से 60 लाख रुपये के बीच आंकी गई है।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common