जयशंकर और अनीता आनंद की मुलाकात में मोदी की दिसंबर में होने वाली कनाडा यात्रा पर चर्चा

वाशिंगटन, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अटलांटा में कनाडा के विदेश मंत्री अनीता आनंद से मुलाकात की और इस बात पर सहमति जताई कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दिसंबर में होने वाली कनाडा यात्रा दोनों देशों के संबंधों में एक और ‘महत्वपूर्ण कदम’ साबित होगी।

जयशंकर ने शुक्रवार को जी-20 विदेश मंत्रियों की बैठक से इतर आनंद से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत-कनाडा सहयोग में हो रही ‘‘निरंतर प्रगति’’ की भी समीक्षा की।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार “दोनों मंत्रियों ने सहमति जताई कि प्रधानमंत्री मोदी की दिसंबर में कनाडा यात्रा दोनों देशों के महत्वाकांक्षी संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम होगी।” बयान में कहा गया है कि उन्होंने यात्रा से पहले एक-दूसरे के संपर्क में बने रहने पर भी सहमति जताई।

इस महीने की शुरुआत में भारत यात्रा के दौरान कनाडा की विदेश मंत्री आनंद ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की थी। उन्होंने कहा था कि व्यापार प्रौद्योगिकी और ऊर्जा के क्षेत्रों में भारत-कनाडा संबंधों को और मजबूत करने को लेकर उनकी बातचीत सार्थक रही।

ओटावा स्थित भारतीय उच्चायोग ने 16 अक्टूबर को कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी 11 और 12 दिसंबर को कनाडा की यात्रा करेंगे। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने भी यात्रा की तारीख की पुष्टि की थी। कार्नी ने कहा था कि उन्होंने मोदी से बात की है और यह यात्रा टोरंटो तथा ओटावा में होगी। उन्होंने इस महीने की शुरुआत में कहा था “हम देखेंगे कि क्या इस यात्रा का दायरा और बढ़ाया जा सकता है।”

वर्ष 2023 में तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो द्वारा सिख अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत की संभावित संलिप्तता का आरोप लगाए जाने के बाद भारत-कनाडा संबंध बेहद खराब हो गए थे। भारत ने उस समय ट्रूडो के आरोप को “बेतुका” बताते हुए खारिज कर दिया था।

पिछले साल अप्रैल में संसदीय चुनाव में कार्नी की जीत से दोनों देशों के संबंधों को फिर से बेहतर बनाने में मदद मिली। दोनों देशों ने विभिन्न क्षेत्रों में संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए कई तंत्रों को फिर से सक्रिय करने पर भी सहमति जताई। मार्च में कनाडा के प्रधानमंत्री कार्नी की भारत यात्रा के बाद दोनों देशों के संबंधों में उल्लेखनीय सुधार हुआ।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: