जापान भी जी-7 की तरह रूस से तेल का आयात चरणबद्ध तरीके से करेगा बंद

तोक्यो, जापान के प्रधानमंत्री फुमिओ किशिदा ने कहा कि विकसित अर्थव्यवस्थाओं वाले देशों के गुट जी-7 के समान ही उनका देश भी यूक्रेन पर रूसी आक्रमण के खिलाफ उठाए गए कदम के अनुरूप धीरे-धीरे रूस से तेल के आयात को बंद कर देगा।

जी-7 देशों के नेताओं ने रविवार को एक ऑनलाइन शिखर सम्मेलन में रूस से तेल के आयात को चरणबद्ध तरीके से रोकने का संकल्प किया था।

किशिदा ने सोमवार को पत्रकारों से कहा, ‘‘ यह उस देश के लिए एक बेहद कठिन फैसला है, जो तेल सहित ऊर्जा आयात पर काफी हद तक निर्भर है, लेकिन जी-7 से एकजुटता अभी सबसे अधिक महत्वपूर्ण है।’’

किशिदा ने कहा कि वह रूसी तेल आयात को चरणबद्ध तरीके से समाप्त करने की क्रमिक एवं धीमी प्रक्रिया अपनाएंगे। उन्होंने कहा, ‘‘ यह किस तरह से और कब किया जाएगा यह बाद में तय किया जाएगा, क्योंकि इस प्रक्रिया से पहले हमें वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों तक पहुंच बनानी है।’’

उन्होंने बताया कि जापान, सखालिन सहित रूस में तेल और प्राकृतिक गैस की अपनी परियोजनाओं से आयात पर प्रतिबंध नहीं लगाएगा।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: