तमिलनाडु में मेट्रो रेल परियोजनाएं खारिज होने पर द्रमुक ने अन्नाद्रमुक की आलोचना की

चेन्नई, सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने विपक्षी दल ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) की आलोचना करते हुए कहा कि वह तमिलनाडु के दो शहरों के लिए मेट्रो रेल परियोजनाएं हासिल करने के वास्ते भारतीय जनता पार्टी नीत केंद्र सरकार से लड़ने में ‘‘विफल’’ रही है।

द्रमुक नेता टीकेएस एलंगोवन विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष आर उदयकुमार के इस दावे का जवाब दे रहे थे कि मेट्रो परियोजना प्रस्ताव को आगे बढ़ाने में पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता की महत्वपूर्ण भूमिका थी।

एलंगोवन ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा ‘‘उन्हें दावा करने दीजिए कि ये जयललिता की हैं हमने कभी नहीं कहा कि ये हमारी परियोजनाएं हैं। हम सिर्फ इतना कहते हैं कि मेट्रो (कोयंबटूर और मदुरै तक) आनी चाहिए। लेकिन जब वे परियोजनाओं का दावा करते हैं तो असल में उन्हें भाजपा से लड़ना चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि विपक्षी दल केंद्र की मंजूरी हासिल करने के लिए आवश्यक राजनीतिक लड़ाई में शामिल होने के बजाय केवल प्रस्ताव का श्रेय लेने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।

केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय ने हाल ही में यह उल्लेख करते हुए कोयंबटूर और मदुरै मेट्रो रेल परियोजनाओं के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तमिलनाडु सरकार को लौटा दी कि 2011 की जनगणना के अनुसार दोनों शहरों की जनसंख्या 20 लाख से कम है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: