दक्षिण कोरिया में चिनफिंग से मिलूंगा, चीन भी जाऊंगा: ट्रंप

वाशिंगटन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह अपने चीनी समकक्ष शी चिनफिंग से अक्टूबर के अंत में दक्षिण कोरिया में होने वाले एक क्षेत्रीय शिखर सम्मेलन में मिलेंगे और अगले वर्ष की शुरुआत में चीन का दौरा भी करेंगे। ट्रंप ने यह टिप्पणी दोनों नेताओं के बीच शुक्रवार को टेलीफोन पर हुई बातचीत के बाद की।

ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर कहा कि चिनफिंग भी “उपयुक्त समय पर” अमेरिका आएंगे। उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं ने टिकटॉक समझौते को मंजूरी दे दी है।

ट्रंप ने लिखा “बातचीत बेहद अच्छी रही। हम फिर से फोन पर बात करेंगे। टिकटॉक समझौते की सराहना करता हूं। हम दोनों एपीईसी (एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग) शिखल सम्मेलन में मिलने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।”

एपीईसी प्रशांत महासागर से जुड़ी 21 अर्थव्यवस्थाओं का समूह है।

चीन की आधिकारिक समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ ने बताया कि फोन कॉल के दौरान चीनी राष्ट्रपति ने द्विपक्षीय संबंधों के महत्व पर जोर दिया और अमेरिका से किसी भी एकतरफा व्यापारिक प्रतिबंध से बचने का आग्रह किया।

ट्रंप के फिर से राष्ट्रपति का पदभार संभालने और चीन पर भारी टैरिफ (शुल्क) लगाने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति की यह चिनफिंग के साथ दूसरी बातचीत है। टैरिफ के कारण दोनों देशों के रिश्तों में तनाव आ गया था।

ट्रंप बीजिंग के साथ व्यापार समझौतों पर बातचीत करने की इच्छा व्यक्त कर चुके हैं खासकर टिकटॉक के मामले में। दरअसल ‘टिकटॉक’ की मूल कंपनी अपनी नियंत्रक हिस्सेदारी नहीं बेचती है तो उसे अमेरिका में प्रतिबंध का सामना करना पड़ सकता है।

इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ने बृहस्पतिवार को कहा था कि चीन के साथ उनके रिश्ते “बहुत अच्छे” हैं लेकिन उन्होंने यह भी कहा था कि अगर यूरोपीय देश चीन पर ज्यादा टैरिफ लगा दें तो यूक्रेन में रूस का युद्ध खत्म हो सकता है।

ट्रंप ने यह नहीं बताया कि क्या वह रूस से तेल खरीदने के कारण बीजिंग पर टैरिफ बढ़ाने की योजना बना रहे हैं जैसा कि उन्होंने भारत के साथ किया है।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: