नयी दिल्ली, दिल्ली में पुराने रेलवे पुल पर यमुना नदी का जलस्तर शनिवार सुबह नौ बजे बढ़कर 205.22 मीटर हो गया जो खतरे के निशान 205.33 मीटर के करीब है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि स्थिति पर नजदीक से नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि जल स्तर और बढ़ने का अनुमान है ऐसे में सभी संबंधित एजेंसियों को बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए एहतियाती कदम उठाने को कहा गया है। केंद्रीय बाढ़ कक्ष के एक अधिकारी ने कहा ‘‘नदी का जलस्तर मुख्यतः वजीराबाद और हथिनीकुंड बैराज से हर घंटे भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण बढ़ रहा है।’’
बाढ़ नियंत्रण विभाग के अनुसार हथिनीकुंड बैराज से हर घंटे लगभग 46 968 क्यूसेक पानी और वजीराबाद बैराज से 44 970 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। पुराना रेलवे पुल नदी के प्रवाह और संभावित बाढ़ के खतरों पर नजर रखने के लिए एक प्रमुख अवलोकन बिंदु है। दिल्ली में यमुना के जलस्तर का चेतावनी का निशान 204.50 मीटर है जबकि खतरे का निशान 205.33 मीटर है। जलस्तर 206 मीटर पहुंचने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का कार्य शुरू होता है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common