दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने स्वतंत्रता दिवस (जब पतंगबाजी अपने चरम पर होती है) और उसके अगले दिन जन्माष्टमी के दौरान पतंगबाजी के कारण होने वाली ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) ट्रिपिंग में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की है।
परंपरागत रूप से, पतंग के मांझे—खासकर धातु-लेपित मांझा—इस दौरान मेट्रो के ओवरहेड तारों में उलझकर ओएचई ट्रिपिंग का प्रमुख कारण रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप अक्सर मेट्रो सेवाओं में देरी और व्यवधान होता है। स्वतंत्रता दिवस और जन्माष्टमी जैसे त्यौहार दिल्ली-एनसीआर में पतंगबाजी के लोकप्रिय अवसर हैं, ऐसे में ऐसी घटनाओं का खतरा अपने चरम पर होता है।
डीएमआरसी ने ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए एक समर्पित प्रतिक्रिया प्रणाली स्थापित की है। इन अवसरों पर सभी लाइनों पर 5-7 सदस्यों वाली रखरखाव टीमें तैनात की जाती हैं, जो उलझे हुए मांझे को हटाने के लिए तुरंत प्रभावित स्थान पर पहुँचती हैं, जिससे मेट्रो सेवाओं की बहाली और समय की पाबंदी सुनिश्चित होती है।
इसके अलावा, डीएमआरसी की ट्रैक्शन ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस (ओ एंड एम) टीम ने कुछ निवारक उपाय भी लागू किए हैं:
• पक्षियों और पतंगों की अधिक गतिविधि वाले एलिवेटेड स्टेशनों पर कैटेनेरी तारों पर इंसुलेशन स्लीव्स लगाना ताकि उलझे हुए मांझे से शॉर्ट सर्किट को रोका जा सके। अब तक, 20 एलिवेटेड स्टेशनों पर स्लीव्स लगाए जा चुके हैं – लाइन-1 पर 11, लाइन 3 और 4 पर 6, लाइन-6 पर 2 और लाइन-2 पर 1 – और तीसरे चरण के स्टेशनों में पोर्टल संरचनाओं और कैंटिलीवर स्थानों के नीचे अतिरिक्त कवरेज प्रदान किया गया है।
• अतिरिक्त इंसुलेटर का उपयोग करके प्रमुख बिंदुओं पर लाइव और अर्थिंग वाले तारों के बीच क्लीयरेंस बढ़ाने के लिए ओएचई में संशोधन।
• लाइव तारों के संपर्क के जोखिम को कम करने के लिए रिटर्न कंडक्टरों को स्थानांतरित करना।
• नियमित निरीक्षण और रखरखाव, पतंग के धागे और अन्य बाहरी वस्तुओं को तुरंत हटाने के लिए गैर-परिचालन घंटों के दौरान कैटेनरी मेंटेनेंस वाहन (सीएमवी) तैनात किए जाते हैं।
इन सभी उपायों के साथ, अगस्त के त्यौहारी सीज़न के दौरान मेट्रो के ओवरहेड तारों में पतंगों के डोरों के उलझने से होने वाली सेवा बाधित होने की घटनाओं में पिछले कुछ वर्षों में, विशेष रूप से स्वतंत्रता दिवस के आसपास, काफी कमी आई है – 2021 में 102 से घटकर 2022 में 90, 2023 में 33, 2024 में 23 और 2025 में केवल 11 रह गईं।
डीएमआरसी ने जागरूकता अभियान भी चलाया है जिसमें लोगों को मेट्रो के 25000 वोल्ट ओएचई तारों के पास पतंग उड़ाने से बचने की सलाह दी गई है क्योंकि यह खतरनाक/घातक साबित हो सकता है। जनता ने भी सक्रिय रूप से सहयोग किया है, जिसके परिणामस्वरूप इस वर्ष ट्रिपिंग के न्यूनतम मामले सामने आए हैं।