देश में समस्त रेल नेटवर्क का विद्युतीकरण 2022 तक करने का लक्ष्य : रेल मंत्री

नयी दिल्ली, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को कहा कि सरकार पूरे देश में रेल नेटवर्क का विद्युतीकरण करने के लिए प्रतिबद्ध है और दिसंबर 2022 तक रेलमार्ग के विद्युतीकरण की समस्त परियोजनाओं को पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

वैष्णव ने लोकसभा में कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी के पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि देश में इस समय ब्रॉड गेज के 64,689 किलोमीटर रेल मार्ग में से 46,776 किलोमीटर रेल मार्ग का विद्युतीकरण कर दिया गया है जो संपूर्ण रेल मार्ग का 72 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि संपूर्ण रेल मार्ग को 2020 तक विद्युतीकृत करने का लक्ष्य है।

रेल मंत्री ने कहा, ‘‘हम पूरे रेल नेटवर्क का विद्युतीकरण करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’

उन्होंने जगदंबिका पाल के पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि देश में विद्युतीकरण की परियोजनाएं बहुत तेजी से चल रही हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य है कि दिसंबर 2022 तक समस्त परियोजनाओं को पूरा कर लिया जाए।’’

वैष्णव ने देबाश्री चौधरी के पूरक प्रश्न के उत्तर में कहा कि रेल मार्गों के विद्युतीकरण का कार्य गुवाहाटी तक किया गया है और यह सरकार तथा पूर्वोत्तर के लोगों का सपना है जिसे पूरा किया जा रहा है।

क्रेडिट : पेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Getty Images

%d bloggers like this: