नयी टिहरी, उत्तराखंड के नयी टिहरी में मेडिकल कॉलेज के निर्माण की मांग को लेकर आंदोलनरत लोगों ने बुधवार को यहां पहुंचे उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल तथा अन्य विधायकों का कनस्तर बजाकर विरोध किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर यहां टिहरी जिला मुख्यालय के पीआईसी मैदान में आयोजित सेवा संकल्प यात्रा के लिए उनियाल तथा अन्य लोगों के पहुंचने की सूचना पर आंदोलनकारियों ने कनस्तर बजाते उसकी ओर कूच किया।
हालांकि सभा स्थल से कुछ पहले ही दुर्गा मंदिर के पास पुलिस ने उन्हें रोक कर हिरासत में ले लिया। इस दौरान आंदोलनकारियों ने उनियाल के अलावा मौके पर मौजूद टिहरी के विधायक किशोर उपाध्याय के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। आंदोलनकारी लंबे समय से मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप नई टिहरी में जल्द से जल्द मेडिकल कॉलेज का निर्माण करने की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उनियाल नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज बनाए जाने का विरोध कर रहे हैं और उसे अपनी विधानसभा क्षेत्र नरेंद्रनगर में ले जाना चाहते हैं । आंदोलनकारी देवेंद्र नौडियाल ने कहा कि नई टिहरी में पिछले 48 दिनों से आंदोलन चल रहा है जबकि मुख्यमंत्री पहले ही दो बार नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज बनाए जाने की घोषणा कर चुके हैं। उन्होंने कहा लेकिन अभी तक इसका शासनादेश लागू न होना दुर्भाग्यपूर्ण है । आज का प्रदर्शन इसीलिए किया गया है।
मेडिकल कॉलेज का निर्माण नई टिहरी के निकट इणिया क्षेत्र में 100 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित है । इस संबंध में पूछे जाने पर उपाध्याय ने उम्मीद जतायी कि जल्द ही यह मेडिकल कॉलेज बन जाएगा।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उन्हें बताया है कि टीएचडीसी इंडिया को नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कर उसे राज्य सरकार को सौंपने के निर्देश दे दिए गए हैं।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common