नई सीपीआई शृंखला से महंगाई का अंतर घटेगा: आरबीआई डिप्टी गवर्नर

मुंबई,  भारतीय रिजर्व बैंक की डिप्टी गवर्नर पूनम गुप्ता ने सोमवार को कहा कि उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) की संशोधित श्रृंखला से मुद्रास्फीति के आधिकारिक आंकड़ों और आम लोगों के महंगाई के अनुभव के बीच का फासला कम करने में मदद मिलेगी।

           उन्होंने कहा कि नई सीपीआई शृंखला में घरेलू उपभोग के बदलते स्वरूप के अनुरूप भारांश में संशोधन किया गया है। साथ ही सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत मुफ्त मिलने वाली वस्तुओं को सूचकांक से बाहर रखा गया है और पहली बार ऑनलाइन बाजारों से भी कीमतों के आंकड़े जुटाए जा रहे हैं।

           गुप्ता ने यहां सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई) की तरफ से आयोजित डेटा उपयोगकर्ता सम्मेलन में कहा   इन बदलावों से मुद्रास्फीति का आकलन अधिक वास्तविक होगा और मुद्रास्फीति के लिए निर्धारित लक्ष्य पर केंद्रित मौद्रिक नीति बनाने में मदद मिलेगी।

           इस साल फरवरी में जारी संशोधित सीपीआई शृंखला में घरेलू उपभोग व्यय सर्वेक्षण 2023-24 के आधार पर भारांश तय किए गए हैं। इससे पहले 2011-12 के सर्वेक्षण का इस्तेमाल होता था।

           आरबीआई की डिप्टी गवर्नर ने कहा कि उपभोग मद में खाद्य एवं पेय पदार्थों का भारांश घटा है  जबकि गैर-खाद्य वस्तुओं एवं सेवाओं का हिस्सा बढ़ा है। खाद्य कीमतों में अधिक उतार-चढ़ाव को देखते हुए इससे खुदरा महंगाई में उतार-चढ़ाव कम होने की उम्मीद है।

           नई शृंखला में 12 ऑनलाइन बाजारों से कीमतों के आंकड़े जुटाए जा रहे हैं। मकान किराया सूचकांक में सरकारी और नियोक्ताओं की ओर से उपलब्ध कराए जाने वाले आवास को शामिल नहीं किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों के मकान किराये को भी इसके दायरे में लाया गया है।

           गुप्ता ने संशोधित सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) और औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) शृंखला का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जीडीपी गणना में दोहरी अपस्फीति पद्धति और आपूर्ति-उपयोग तालिका ढांचे से अनुमानों की विश्वसनीयता बढ़ेगी। वहीं  आईआईपी में मोटर वाहन  दवा और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों का भारांश बढ़ाया गया है।

           उन्होंने कहा कि आरबीआई आर्थिक गतिविधियों के आकलन के लिए उच्च आवृत्ति वाले संकेतकों (महत्वपूर्ण आंकड़ों) के साथ घरेलू और वैश्विक आर्थिक रुझानों पर नजर रखता है। वैकल्पिक बड़े आंकड़े शुरुआती संकेत दे सकते हैं  लेकिन केंद्रीय बैंक आधिकारिक आंकड़ों से उनकी पुष्टि करने के बाद ही उनका इस्तेमाल करता है।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common