नेटफ्लिक्स की सीरीज ‘‘स्कूप’’, करिश्मा तन्ना एशिया कंटेंट अवार्ड्स और ग्लोबल ओटीटी अवार्ड्स में पुरस्कृत

नयी दिल्ली, नेटफ्लिक्स की सीरीज ‘‘स्कूप’’ और इसकी प्रमुख स्टार करिश्मा तन्ना ने रविवार को दक्षिण कोरिया के बुसान में एशिया कंटेंट अवार्ड्स और ग्लोबल ओटीटी अवार्ड्स 2023 में बड़ी कामयाबी हासिल की।
अवार्ड की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार एशिया कंटेंट अवार्ड्स और ग्लोबल ओटीटी अवार्ड्स पूरे एशिया में टीवी, ओटीटी और ऑनलाइन के लिए बनाई गई उत्कृष्ट विषय वस्तु को सम्मानित करने के लिए एक वार्षिक कार्यक्रम है। इसका आयोजन बुसान अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (बीआईएफएफ) और कोरिया रेडियो प्रमोशन एसोसिएशन द्वारा बुसान में किया जाता है।
‘‘स्कूप’’ ने सर्वश्रेष्ठ एशियाई टीवी सीरीज का पुरस्कार जीता, वहीं पुरस्कार समारोह में भाग लेने वालीं तन्ना ने सर्वश्रेष्ठ मुख्य अभिनेत्री की ट्रॉफी हासिल की। बीआईएफएफ ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर यह घोषणा साझा की।
पोस्ट में कहा गया, ‘‘बुसान महोत्सव में कंटेट के लिए 2023 के एशिया कंटेंट अवार्ड्स और ग्लोबल ओटीटी अवार्ड्स ने इस साल के विजेताओं की घोषणा की है। बधाई। इस आयोजन में पूरे एशिया में उत्कृष्ट टीवी, ओटीटी और ऑनलाइन कंटेंट को पुरस्कृत किया जाता है।’’
मृण्मयी लागू वाइकुल के साथ सीरीज बनाने वाले मेहता ने पुरस्कार दिए जाने की घोषणा पर प्रसन्नता व्यक्त की। मेहता ने पोस्ट किया, ‘‘हम जीत गए। बुसान में सर्वश्रेष्ठ एशियाई टीवी सीरीज घोषित।’’
‘‘स्कूप’’ मुंबई के एक अखबार की स्टार क्राइम रिपोर्टर जागृति पाठक (करिश्मा तन्ना) पर आधारित है, जो अपने प्रतिद्वंद्वी जयदेब सेन की हत्या का आरोप लगने के बाद सुर्खियों में आती है।
समीक्षकों द्वारा प्रशंसित हिंदी भाषा में बनाई गई इस सीरीज का निर्देशन मेहता ने किया है। इसका प्रीमियर जून में नेटफ्लिक्स पर हुआ। भारतीय प्रोडक्शन बैनर मैचबॉक्स शॉट्स द्वारा समर्थित, यह शो जिग्ना वोरा की जीवनी पर आधारित पुस्तक ‘‘बिहाइंड द बार्स इन भायखला: माई डेज इन प्रिजन’’ से प्रेरित है।
एशिया कंटेंट अवार्ड्स और ग्लोबल ओटीटी अवार्ड्स 2023 बुसान अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के दौरान आठ अक्टूबर को बीआईएफएफ थिएटर, बुसान सिनेमा सेंटर में आयोजित किए गए। यह महोत्सव चार अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: