नेपाली प्रधानमंत्री ने मंत्रिमंडल का विस्तार किया; 15 नए मंत्रियों ने ली शपथ

काठमांडू, नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल “प्रचंड” ने मंगलवार को पहली बार 15 नए मंत्रियों को शामिल कर अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। नए मंत्रियों में तीन कनिष्ठ मंत्री भी शामिल हैं।

सीपीएन-माओवादी केंद्र के नेता प्रचंड (68) ने पिछले साल 25 दिसंबर को तीसरी बार नेपाल के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी।

सीपीएन (माओवादी केंद्र), सीपीएन-एमाले, राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी, राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी और जनता समाजवादी पार्टी समेत सत्तारूढ़ गठबंधन के शीर्ष नेताओं ने प्रधानमंत्री प्रचंड से यहां सोमवार को उनके आवास पर मुलाकात की और सत्ता में साझेदारी समझौते को अंतिम रूप दिया।

सीपीएम (एमाले) नेता बिमला राय पौडेल को विदेश मंत्री नियुक्त किया गया है, जबकि उनकी ही पार्टी से हरि उप्रेती को भी देश का रक्षा मंत्री बनाया गया है।

नेपाल की राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी के आवास पर एक समारोह में नवनियुक्त मंत्रियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: