नयी दिल्ली, दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण का स्तर बढ़ाने के लिए किसानों को पराली जलाने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया।
मंत्री ने अपने दावे के समर्थन में एक संवाददाता सम्मेलन में पंजाब में पराली जलाने के कथित वीडियो भी दिखाए। सिरसा ने कहा ‘‘पंजाब में किसानों को आप सरकार द्वारा खेतों में पराली जलाने के लिए मजबूर किया जा रहा है। दिवाली की रात पराली जलाने की सबसे ज्यादा घटनाएं आप शासित पंजाब में हुईं।’’
उन्होंने दावा किया कि आप नेताओं ने ‘‘दिल्ली की मुख्यमंत्री भाजपा और सनातन धर्म के अनुयायियों द्वारा दिवाली मनाने और पटाखे फोड़ने की निंदा की’’ लेकिन हवा की गुणवत्ता बिगड़ने का असली कारण पंजाब में पराली जलाना है।
सिरसा ने कहा कि दिवाली से पहले दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 341 था और दिवाली के बाद यह बढ़कर 356 हुआ है जो केवल कुछ ही अंकों की वृद्धि है।
उन्होंने कहा ‘‘हमें गर्व है कि हमारी सरकार ने लोगों को पारंपरिक तरीके से दिवाली मनाने का मौका दिया है।’’ मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि आप पार्टी ‘‘धार्मिक राजनीति’’ कर रही है।
भाजपा नेता ने कहा ‘‘क्या आप ईद पर मुस्लिम समुदाय द्वारा बकरों की कुर्बानी को चुनौती देगी मैं अरविंद केजरीवाल को चुनौती देता हूं कि वे धार्मिक राजनीति न करें। आप हमसे लड़ें लेकिन धर्म को इसका हिस्सा न बनाएं।’’इससे पहले दिल्लीवासियों की सुबह धुंध में हुई। दिवाली की रात आतिशबाजी के बाद यहां वायु गुणवत्ता ‘रेड जोन’ में पहुंच गई।
पिछले हफ्ते उच्चतम न्यायालय ने 19 और 20 अक्टूबर को अस्थायी रूप से हरित पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल की अनुमति दी थी।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common