नयी दिल्ली, दिल्ली पुलिस ने कहा कि उसने पाकिस्तान नेपाल और बांग्लादेश से जुड़े हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के पास से विदेश निर्मित अत्याधुनिक हथियारों और कारतूसों का जखीरा बरामद किया है जिसमें सब-मशीन गन ऑटोमैटिक पिस्तौल और 200 कारतूस शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार इस अभियान के दौरान कुल 21 आग्नेयास्त्र जब्त किए गए जिनमें कई देशों से लाए गए उच्च श्रेणी के स्वचालित हथियार और पिस्तौल शामिल हैं।
बरामद हथियारों में चेक गणराज्य निर्मित एक सब-मशीन गन और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय निर्माताओं द्वारा निर्मित पिस्तौलें शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि जब्त हथियारों में विशेष बलों द्वारा उपयोग की जाने वाली पीएक्स-5.7 पिस्तौल तुर्किये निर्मित स्टोएगर पिस्तौल चीन की पीएक्स-3 पिस्तौल चेक गणराज्य की शैडो सीजेड पिस्तौल साथ ही इटली की बेरेटा ब्राजील की टॉरस और जर्मनी की वाल्थर पिस्तौलें शामिल हैं।
पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह मॉड्यूल एक संगठित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का हिस्सा है जो भारत में आपराधिक तत्वों को अवैध हथियारों की तस्करी और आपूर्ति में संलिप्त था।
उन्होंने बताया कि आरोपी कथित तौर पर पड़ोसी देशों में सक्रिय अंतरराष्ट्रीय हैंडलरों और आपूर्तिकर्ताओं के संपर्क में थे।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह गुप्त मार्गों और बिचौलियों के जरिए हथियारों को सीमाओं के पार लाता था और फिर देश के विभिन्न हिस्सों में अपने संपर्कों तक पहुंचाता था।
पुलिस ने कहा कि नेटवर्क से जुड़े अन्य सहयोगियों की पहचान के लिए प्रयास जारी हैं। मामले की जांच जारी है।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common