पीएमएमवीवाई के तहत चार करोड़ से अधिक महिलाएं लाभान्वित: महिला एवं बाल विकास मंत्रालय

नयी दिल्ली, महिला एवं बाल विकास (डब्ल्यूसीडी) मंत्रालय ने बताया कि भारत भर में चार करोड़ से अधिक महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) के तहत मातृत्व लाभ की कम से कम एक किस्त मिल चुकी है और कुल वितरण 19 028 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है।

मंत्रालय ने एक बयान में इसे सरकार की ‘‘मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता’’ का प्रतीक बताया और इस योजना के तहत विशेष पंजीकरण अभियान को 15 अगस्त तक बढ़ाने की घोषणा की। आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में जारी घर-घर अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी पात्र गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं का समय पर नामांकन हो।

मंत्रालय ने अपने बयान में कहा ‘‘यह अभियान न केवल वित्तीय लाभों तक पहुंच सुनिश्चित करने के बारे में है बल्कि बालिकाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करने के बारे में भी है।’’

‘मिशन शक्ति’ की ‘सामर्थ्य’ उप-योजना के तहत केंद्र द्वारा प्रायोजित पीएमएमवीवाई प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से माताओं को आंशिक वित्तीय सहायता प्रदान करती है। पहली संतान के लिए दो किस्तों में 5 000 रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि दी जाती है जबकि दूसरी बालिका के जन्म के बाद एक ही किस्त में 6 000 रुपये का भुगतान किया जाता है।

दक्षता और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए इस योजना को ‘पीएमएमवीवाईसॉफ्ट’ के साथ एकीकृत किया गया है जो मार्च 2023 में लॉन्च किया गया एक डिजिटल मंच है।

यह सॉफ्टवेयर आधार-आधारित प्रमाणीकरण और एनपीसीआई सत्यापन का उपयोग करके यह सुनिश्चित करता है कि धनराशि सीधे लाभार्थियों के आधार से जुड़े बैंक या डाकघर खातों में स्थानांतरित हो।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: